Begusarai

बेगूसराय:थाने के बाहर पुलिस देती रही पहरा,वेंटिलेटर तोड़कर रूम में बंद युवक हुआ फरार

बेगूसराय।नावकोठी थाने की कंप्यूटर कक्ष का वेंटिलेटर तोड़कर एक युवक फरार हो गया। मामला बुधवार का है। एक लूटकांड के मामले में पूछताछ के लिए उक्त युवक को हिरासत में रखा गया था। एक हैरानी की बात यह रही कि कक्ष के बाहर पुलिसकर्मी मौजूद थे, फिर भी उन्हें इसकी भनक तक नहीं लगी। इस घटना के बाद पूरे थाना परिसर में हड़कंप मच गया। और तत्काल पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर छापेमारी शुरू कर दी।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

फरार युवक पीरनगर निवासी सुरेश महतो के पुत्र संजीव कुमार है। जानकारी के अनुसार वह मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे अपने चचेरे भाई बब्बू से मिलने थाने पहुंचा था, जिसे वाहन चेकिंग के दौरान पूछताछ के लिए लाया गया था। इसी दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर संजीव कुमार को भी रोककर पूछताछ शुरू कर दी। जांच के दौरान यह सामने आया कि वह पहले भी बखरी थाना कांड संख्या 332/21 (शराब बरामदगी) में अप्राथमिकी अभियुक्त रह चुका है और जेल जा चुका है। फिलहाल वह जमानत पर बाहर था। इस कारण पुलिस उससे विस्तृत पूछताछ कर रही थी। चूंकि उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार नहीं किया गया था, इसलिए उसे हाजत में नहीं रखा गया और कंप्यूटर कक्ष में ही बैठाकर पूछताछ की जा रही थी।

 

9 बजे रात तक युवक से की गई थी पूछताछ हिरासत में युवक से रात करीब नौ बजे तक पूछताछ जारी रही। इसी बीच मौका पाकर संजीव कुमार ने कंप्यूटर कक्ष के पश्चिमी दीवार में लगे वेंटिलेटर को तोड़ दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर दीवार फांदकर फरार हो गया। जब पुलिस उसे आगे की कार्रवाई के लिए लेने कक्ष में पहुंची, तब उसके गायब होने का पता चला। घटना के बाद थाना में हड़कंप मच गया। थानाध्यक्ष मो. फिरदौस के नेतृत्व में पुलिस ने तत्काल आसपास के इलाकों की घेराबंदी कर दी और पीरनगर समेत संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी शुरू कर दी। हालांकि समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

 

पुलिस का कहना है कि उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गौरतलब है कि एक दिन पूर्व पहसारा-बगरस पथ स्थित चकमुजफ्फर तीन बटिया मोड़ पर उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक की कर्मी से करीब 93 हजार रुपए की लूट की घटना हुई थी, जिसकी जांच के सिलसिले में पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर रही थी। इसी क्रम में संजीव कुमार को भी बैठाया गया था। थानाध्यक्ष मो. फिरदौस ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और फरार युवक की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

error: Content is protected !!