“चचेरे भाई ने ही रची थी लोको पायलट की हत्या की साजिश,हथियार के साथ गिरफ्तार
समस्तीपुर.जिले के ताजपुर थाना क्षेत्र में हुए लोको पायलट प्रमोद कॉपर हत्याकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में मुख्य आरोपी मंजीत कुमार को अवैध आग्नेयास्त्र, 10 जिंदा कारतूस और दो मैगजीन के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली है। उल्लेखनीय है कि बीते 2 अप्रैल को ताजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरवा पंचायत के दरजिनीया पुल स्थित पेट्रोल पंप के समीप अज्ञात अपराधियों ने रेलवे के लोको पायलट प्रमोद कॉपर की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी थी, जब वे ड्यूटी से घर लौट रहे थे।
इस संबंध में मृतक की पत्नी गीतांजली कुमारी के आवेदन पर ताजपुर थाना में 8 नामजद अभियुक्तों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अरविंद प्रताप सिंह के निर्देश पर एएसपी सह सदर एसडीपीओ-1 संजय कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण तथा मानवीय आसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए ताजपुर थाना क्षेत्र के गुनाई बसही निवासी उपेंद्र कॉपर के पुत्र मंजीत कुमार को गिरफ्तार किया।
प्रेस वार्ता में एएसपी संजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि पूछताछ के दौरान मंजीत कुमार ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसने बताया कि मृतक प्रमोद कॉपर उसका चचेरा भाई था और जमीन खरीद-बिक्री तथा संपत्ति को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मृतक द्वारा लगातार जमीन खरीदे जाने से आरोपी में ईर्ष्या की भावना बढ़ती गई। आरोपी ने अपने सहयोगी धुरण सहनी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। घटना को अंजाम देने से पहले उसने प्रमोद कॉपर की दिनचर्या और आने-जाने के समय की रेकी की। वारदात के दिन उसने अपना मोबाइल फोन घर पर छोड़ दिया ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस न हो सके और सीसीटीवी से बचते हुए घटना को अंजाम दिया गया।
9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।
