गंगा स्नान के दौरान भाई-बहन लापता:तलाश जारी; SDRF सर्च ऑपरेशन में लगी
वैशाली जिले के रुस्तमपुर थाना क्षेत्र में गंगा नदी में स्नान के दौरान डूबे ममेरे-फुफेरे भाई-बहन निशांत कुमार और मानती कुमारी 36 घंटे बाद भी लापता हैं। उनकी तलाश में एसडीआरएफ (SDRF) का रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है, लेकिन दूसरे दिन भी उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
लापता निशांत कुमार पटना जिले के धनरूआ थाना अंतर्गत पवेरा निवासी अरविंद शर्मा के पुत्र हैं, जबकि मानती कुमारी दीदारगंज थाना अंतर्गत फतेहपुर निवासी सुधीर शर्मा की पुत्री हैं। दोनों आपस में ममेरे-फुफेरे भाई-बहन थे।
दरगाह स्थित अपनी मौसी के घर आए हुए थे
जानकारी के अनुसार, निशांत कुमार आलमपुर कच्ची दरगाह स्थित अपनी मौसी के घर आए हुए थे। मानती भी अपनी फुआ के घर आई हुई थी। रविवार को मौसी के घर से पांच महिलाएं और दो पुरुष रुस्तमपुर थाना के कच्ची दरगाह घाट पर स्नान करने गए थे। नदी में पानी कम होने के कारण सभी पीपा पुल के पास स्नान कर रहे थे।
बचाने के प्रयास में छह अन्य लोग भी पानी में डूबने लगे
स्नान के दौरान मानती कुमारी अचानक डूबने लगीं। उन्हें बचाने के प्रयास में छह अन्य लोग भी पानी में डूबने लगे। शोर सुनकर स्थानीय लोगों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, निशांत और मानती तेज धारा में बह गए और लापता हो गए। निशांत के पिता बनारस में बढ़ई का काम करते हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सबसे पहले नदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जिसने रुस्तमपुर थाना को जानकारी दी। खबर लिखे जाने तक एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच चुकी थी और व्यापक तलाशी अभियान चला रही थी। सूचना मिलने पर राघोपुर के सीओ राजीव रंजन चौधरी भी घटनास्थल पर पहुंचे और एसडीआरएफ टीम को लाने के लिए अपनी गाड़ी भेजी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
