लापता युवक का नदी में मिला शव:समस्तीपुर में मां बोली- लड़की के परिवार वालों ने मार दिया
समस्तीपुर में चार दिनों से लापता एक युवक का शव मिला है। मृतक की मां ममता देवी का कहना है कि उसके बेटे का अपहरण हुआ था। लड़की के परिजनों ने उसके बेटे की हत्या कर दी है। क्योंकि दोनों आपस में बात करते थे। इस बात से वो नाराज थे।मामला वारिसनगर थाना क्षेत्र के बसंतपुर रमणी पंचायत के कमलावाहा वार्ड-6 मोहल्ला का है। मृतक युवक इसी थाना क्षेत्र के सुखपुर गांव का राजकुमार राम का बेटा विपिन कुमार (22) है। वह अपने ननिहाल कमलावाहा गांव आया हुआ था। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है।
मृतक युवक की नानी सीता देवी ने बताया कि उनका नाती 27 मार्च को अपनी मां के साथ दूसरे राज्य से आया था। ननिहाल में ही रह रहा था। इसी दौरान 4 अप्रैल की रात से वह अचानक लापता हो गया।परिवार के लोग उसकी खोजबीन कर ही रहे थे। लेकिन कुछ पता नहीं चल सका था। इसके बाद मंगलवार को थाना में घटना की सूचना दी गई थी। पुलिस भी अपने स्तर से प्रयास कर रही थी। लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। इसी दौरान शक के आधार पर गांव के ही कुछ लोगों से पुलिस ने पूछताछ शुरू की तो इस हत्याकांड का खुलासा हो गया।
पुलिस ने कमलावाहा नदी के जलकुंभी के नीचे से युवक का सड़ा गला शव बरामद किया है।
मृतक की मां ने कहा है कि 4 अप्रैल की रात ही बेटे की लड़की के परिजनों ने गला घोंट कर हत्या कर दी थी और शव को छिपा दिया था। मेरा बेटा लड़की से बात करता था। इसलिए वो लोग नाराज थे।मृतक की मां ने बताया कि विपिन इसी गांव के एक व्यक्ति की बेटी से बात किया करता था। जो परिवार के लोगों को पसंद नहीं था। 4 अप्रैल की रात पुल के पास सभी लोग सोए हुए थे। इसी दौरान उसका अपहरण कर लिया गया और बाद में गला घोंट कर उसकी हत्या कर दी गई।
चर्चा यह भी है कि 4 अप्रैल की रात विपिन अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए उसके घर पहुंचा था। जहां परिवार के लोगों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई । मामला को छुपाने के उद्देश्य से शव को कमला बहा नदी के जलकुंभी के नीचे छिपा दिया। इस मामले में गांव के ही फूलचंद राम , डीलर राम समेत कई लोगों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
वारिसनगर थाना अध्यक्ष सर्वेश झा ने बताया कि घटना के पीछे प्रेम प्रसंग की बात सामने आ रही है। इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
