सिक्स लेन पुल पर एंबुलेंस में लगी आग:जुगाड़ गाड़ी से टक्कर के बाद हादसा
बेगूसराय।मोकामा के न्यू सिक्स लेन पुल पर एक एंबुलेंस और जुगाड़ गाड़ी में टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एंबुलेंस में आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि एंबुलेंस ड्राइवर ने कूदकर अपनी जान बचा ली। आग लगने की सूचना मिलते ही सबसे पहले हाथीदह थाना की पुलिस पहुंची।
घटना बाढ़ अनुमंडल के मोकामा स्थित न्यू सिक्स लेन पुल के पिलर नंबर-6 के पास हुई। दोनों गाड़ी बेगूसराय से पटना की ओर एक ही दिशा में जा रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस तुरंत आग की चपेट में आ गई।पुलिस ने बरौनी और बाढ़ फायर ब्रिगेड को जानकारी दी। जानकारी मिलते ही बरौनी से पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी कोशिश के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि आग बुझाने के बाद बाढ़ से भी फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची थी।
एंबुलेंस ड्राइवर ने जलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। उसने जुगाड़ गाड़ी के नीचे फंसे उसके ड्राइवर को भी बाहर निकालने में मदद की। हालांकि, तब तक एंबुलेंस में आग तेजी से फैल चुकी थी।
सिक्स लेन सेतु का निर्माण करने वाली कंपनी वेलस्पन ने पुल पर सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। इन कैमरों के माध्यम से निगरानी कर रहे वेलस्पन कर्मियों को टक्कर की जानकारी मिली। उन्होंने तत्काल राहत और बचाव काम शुरू किया और पुलिस को जानकारी दी।सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। हाथीदह थाने में दमकल की सुविधा नहीं होने के कारण आसपास के जिलों से दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। इस कारण आग बुझाने में देरी हुई और एंबुलेंस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
बरौनी के सहायक अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी सिंटु कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही चालक चंदन कुमार और सहयोगी मधु कुमारी, दुर्गावती कुमारी और अभय कुमार के साथ पहुंचे तो छोटा एंबुलेंस वहां जल रहा था। काफी कोशिश के बाद आज पर काबू पाया गया।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि राकेश कुमार नाम का एंबुलेंस ड्राइवर इलाहाबाद में एक पेशेंट की मौत हो जाने के बाद उसका डेड बॉडी पहुंचाने के लिए पश्चिम बंगाल गया था। वहां से वापस लौट के दौरान सिमरिया पुल पर जुगाड़ ठेला गाड़ी चालक की ओर से चकमा देने के कारण एंबुलेंस टकरा गई।जिसमें जुगाड़ ठेला पलट गया तो ही एंबुलेंस में आग लग गई। आग लगते ही एंबुलेंस ड्राइवर राकेश कुमार ने किसी तरह से कूद कर अपनी जान बचा ली। इसके बाद स्थानीय लोगों की ओर से थाना को सूचना दी गई। फिलहाल पुलिस ने जले एंबुलेंस को कब्जे में ले लिया है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
