समस्तीपुर में 28 लाख के 112 मोबाइल बरामद किए:अब तक 4 करोड़ के 1729 फोन बरामद
समस्तीपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत चोरी, झपट्टामारी और गुम हुए 112 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को सौंप दिए हैं। इन मोबाइलों का कुल मूल्य लगभग 28 लाख रुपये है।जिला पुलिस कप्तान अरविंद प्रताप सिंह ने अपने कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए बताया कि समस्तीपुर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से ये मोबाइल बरामद किए गए। आज सभी धारकों को बुलाकर उनके मोबाइल वापस कर दिए गए।
पुलिस ने बताया कि सदर-1 मोबाइल रिकवरी टीम ने 18 मोबाइल, सदर-2 टीम ने 8 मोबाइल, दलसिंहसराय टीम ने 24 मोबाइल, रोसड़ा टीम ने 25 मोबाइल, पटोरी टीम ने 10 मोबाइल और साइबर थाना मोबाइल रिकवरी टीम ने 27 मोबाइल बरामद किए।जिला पुलिस कप्तान ने जानकारी दी कि ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत अब तक कुल 1729 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 1 लाख रुपये है। इन्हें भी उनके मालिकों को सौंपा गया है।
इस सराहनीय कार्य के लिए तकनीकी शाखा के सदस्यों को पुरस्कृत किया जाएगा। विशेष रूप से, साइबर थाने के मोबाइल रिकवरी टीम प्रभारी, पुलिस अवर निरीक्षक सूरज कुमार के नेतृत्व में सर्वाधिक 27 मोबाइल और दलसिंहसराय थाने की मोबाइल रिकवरी टीम द्वारा पुलिस अवर निरीक्षक रिचा सिंह के नेतृत्व में 12 मोबाइल बरामद किए गए।
मोबाइल प्राप्त करने वाले धारकों ने समस्तीपुर पुलिस का आभार व्यक्त किया। जिला पुलिस कप्तान अरविंद प्रताप सिंह ने यह भी बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, जिसका उद्देश्य खोए हुए मोबाइल बरामद कर उनके मालिकों तक पहुंचाना है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
