विभूतिपुर थाने के जमादार का नशे में हंगामा:एसपी ने किया सस्पेंड
समस्तीपुर के विभूतिपुर थाने में पदस्थापित एक जमादार (सहायक सब इंस्पेक्टर) ने शराब के नशे में थाना क्षेत्र के एक होटल में रविवार की शाम जमकर हंगामा मचाया। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। इस मामले में विभूतिपुर थाने में एक मामला दर्ज कर जमादार को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है.न्यायिक हिरासत में भेजे जाने से पूर्व जमाजाद का अल्कोहलिक जांच भी कराया गया, जिससे जमादार के शराब के नशे में होने की पुष्टि है। उधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अरविद्र प्रताप सिंह ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
SHO बोले- सूचना के बाद तत्काल ASI को हिरासत में लिया
जानकारी के मुताबिक, आरोपी एएसआई रविवार देर शाम थाना क्षेत्र के खोकसाहा चौक स्थित एक होटल में पहुंचा था। अचानक शराब के नशे में एएसआई हंगामा करने लगा। थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि होटल में हंगामा करने की सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई करते हुए एएसआई रिंकू सिंह को हिरासत में लिया गया। जांच के बाद कागजी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए भेज दिया गया।
होटल संचालक पीयूष कुमार ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि करीब एक माह पहले भी एएसआई ने अपनी पिस्टल किसी दूसरे व्यक्ति को दे दी थी। वह व्यक्ति के साथ आए थे उससे पिस्टल लेकर कर्मचारियों को डराते हुए मिठाई का दाम पूछने लगे थे, जिससे सभी लोग सहम गए थे। उस समय किसी तरह मामला शांत कराया गया था।रविवार की रात एएसआई फिर नशे की हालत में होटल में घुस गए और गाली-गलौज करते हुए हंगामा करने लगे। उन्होंने धमकी भरे लहजे में कहा कि “जो करना है कर लो, किसी को नहीं छोड़ेंगे।” इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया और धक्का-मुक्की भी हुई। स्थिति बिगड़तता देख लोगों ने वरीय अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलने पर पहुंचे एएसआई प्रमोद कुमार किसी तरह उन्हें वहां से निकालकर विभूतिपुर सीएचसी ले गए, लेकिन वहां भी उन्होंने करीब आधा घंटा तक हंगामा किया।
घटना को लेकर एसपी अरविंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जमादार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही इस मामले में पूरी रिपोर्ट तलब की गई है, जिसके बाद विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई की जाएगी। जमादार का मेडिकल जांच कराया गया है, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
