समस्तीपुर में कुहासा, 6 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट:7 लोगों की मौत
पटना.बिहार में मौसम का मिजाज बदल गया है। पिछले 2 दिनों से अधिकतर जिलों में तेज हवा के साथ बारिश हो रही है। कुछ जिलों में ओले भी गिरे हैं। बारिश के बाद समस्तीपुर और बेतिया में रविवार सुबह कुहासा है, विजिबिलिटी काफी कम है।इधर, मौसम विज्ञान केंद्र ने आज यानी रविवार को प्रदेश के 6 जिले में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के साथ साथ तेज हवा चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और कुछ जिलों में रुक-रुककर बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। इससे गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।शनिवार को करीब सभी जिलों में रुक-रुककर बारिश होती रही। पटना बांका, गोपालगंज, मोतिहारी, बगहा, बेतिया, सीतामढ़ी और खगड़िया में तेज बारिश हुई। वहीं, पटना के कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ ओले भी गिरे।
आंधी-बारिश की वजह से किसानों को काफी नुकसान हुआ है। किसानों के खेत में लगे गेहूं और मक्के की फसल बर्बाद हो गई है। वहीं, आंधी और आकाशीय बिजली की चपेट में आने से अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी हैं।
2 दिन में आंधी-बिजली से 7 की मौत, 10 घायल
गयाजी के डुमरिया प्रखंड के छकरबंधा और वजीरगंज थाना क्षेत्र में वज्रपात से 2 लोगों की मौत हो गई। पहली घटना छकरबंधा थाना क्षेत्र की है। जहां किसान महेंद्र यादव खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान तेज गर्जन के साथ बारिश शुरू हो गई। महेंद्र संभल पाते, उससे पहले ही बिजली सीधे उन पर गिर गई। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पास में बंधी उनकी भैंस भी चपेट में आ गई, उसकी भी मौत हो गई।
दूसरी घटना वजीरगंज के कोल्हना गांव में हुई। यहां शुक्रवार शाम ठनका गिरने से 50 साल के किसान मनोज कुमार सिंह की जान चली गई। वे अपने पिता और मजदूरों के साथ खेत से लौट रहे थे। अचानक तेज हवा और बारिश शुरू हुई। इसी बीच वज्रपात हुआ और उसकी चपेट में आने से मनोज की मौके पर ही मौत हो गई।
इधर, जमुई के चकाई में 15 साल की छात्रा रागिनी की मौत हो गई। पटना के मोकामा के चिंतामणिचक टाल इलाके में ठनका गिरने से 10 मजदूर जख्मी हो गए। शुक्रवार की शाम मजदूर फसल काट रहे थे, तभी बिजली गिरी। आनन-फानन में जख्मी मजदूरों को ट्रॉमा सेंटर लाया गया। जख्मी लोगों की हालत खतरे से बाहर है।
अररिया में शुक्रवार रात आंधी बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया है। फारबिसगंज के दरभंगिया टोला में घर की दीवार गिरने से 3 बच्चे घायल हुए। इसमें 5 साल के मुनाजिर की इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे पहले, कोठीहाट में फूस का घर गिरने से 3 साल के शिवम कुमार की मौत हो गई थी।किशनगंज में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई।
उत्तर और पूर्व बिहार में दिखा अधिक असर
बिहार में बदले मौसम का असर सबसे ज्यादा उत्तर और पूर्वी हिस्सों में दिखा। पश्चिम चंपारण में सबसे अधिक और सहरसा में बारिश हुई, जिससे निचले इलाकों में जलजमाव हुआ। बारिश के बाद हुए जलजमाव से ट्रैफिक धीमा पड़ गया। वहीं, दक्षिण-पश्चिम बिहार के गया, बक्सर, औरंगाबाद और रोहतास में 0.0 मिमी या बहुत कम बारिश हुई, जिससे असर सीमित रहा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
