चिराग पासवान बोले- मैं चाहता हूं, BJP का CM हो:NDA में सब कुछ तय
हाजीपुर.केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने वैशाली में बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह मुख्यमंत्री पद की दौड़ में नहीं हैं और न ही कभी रहेंगे, लेकिन उनकी इच्छा है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का हो।
पासवान ने यह भी बताया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में मुख्यमंत्री पद को लेकर सब कुछ तय हो चुका है और जल्द ही बिहार के अगले मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की जाएगी।इसके अतिरिक्त, चिराग पासवान ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने ममता बनर्जी की कार्यशैली और उनकी ‘तुष्टीकरण की राजनीति’ पर सीधे सवाल उठाए।
पासवान ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में भगवान की मूर्तियों को तोड़ना अब वहां की सरकार की कार्यशैली बन चुकी है।उन्होंने दावा किया कि बंगाल की जनता अब इस ‘तुष्टीकरण की राजनीति’ से तंग आ चुकी है और बहुत जल्द ममता सरकार की विदाई होने वाली है।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने तेजस्वी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव में मिली हार के बाद तेजस्वी यादव जनता से कट चुके हैं।
पार्टी के भीतर भी उनकी पकड़ कमजोर हो रही
पासवान ने आरोप लगाया कि तेजस्वी न केवल मीडिया से दूरी बना रहे हैं, बल्कि अपनी पार्टी के भीतर भी उनकी पकड़ कमजोर हो रही है।उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि जो नेता अपने विधायकों को एकजुट नहीं रख पा रहे और राज्यसभा चुनाव जैसे बड़े मौके पर जीत के करीब भी नहीं पहुंच पाए, वे राज्य की जिम्मेदारी कैसे संभालेंगे?
बता दें कि चिराग पासवान सराय थाना क्षेत्र के अनवरपुर गांव पहुंचे थे। यहां उन्होंने शौचालय की टंकी में डूबने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत के पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।चिराग पासवान ने कहा कि वह पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने आर्थिक सहायता के साथ-साथ बच्चों की शिक्षा और परिवार के सदस्यों को नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
