Patna

अंतरराष्ट्रीय ऊंट तस्करी का पर्दाफाश,तंग हालत में ट्रक से मिले 12 ऊंट,3 गिरफ्तार

पटना.: किशनगंज पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय ऊंट तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है. कोचाधामन थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ट्रक से 12 ऊंट बरामद किए हैं. इस कार्रवाई में ट्रक चालक सहित तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस का कहना है कि यह मामला एक संगठित तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है.यह कार्रवाई 18 जनवरी 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर की गई. पुलिस को जानकारी मिली थी कि कोचाधामन से किशनगंज जाने वाली सड़क के रास्ते ऊंटों की अवैध तस्करी की जा रही है. सूचना मिलते ही कोचाधामन थानाध्यक्ष के नेतृत्व में हांडीभाषा मौधो पक्की सड़क पर सघन वाहन चेकिंग शुरू की गई.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

ट्रक के अंदर से तंग हालत में मिले 12 ऊंट

चेकिंग के दौरान यूपी नंबर के एक ट्रक को रोका गया. ट्रक का रजिस्ट्रेशन नंबर UP12CT6052 है. चालक ने पुलिस को बताया कि ट्रक खाली है. लेकिन पुलिस को शक हुआ. इसके बाद ट्रक की तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान ट्रक के अंदर से 12 ऊंट मिले. ऊंटों को बेहद तंग हालत में ट्रक में रखा गया था. पुलिस ने तुरंत ट्रक को जब्त कर लिया. मौके से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं.

 

प्रारंभिक जांच में क्या आया सामने?

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि यह मामला अंतरराष्ट्रीय ऊंट तस्करी से जुड़ा हो सकता है.आशंका है कि इन ऊंटों को पड़ोसी देश भेजने की तैयारी थी. पुलिस को शक है कि इसके पीछे एक बड़ा गिरोह सक्रिय है.

 

इस मामले में कोचाधामन थाना में केस नंबर 27/2026 दर्ज किया गया है. गिरफ्तार किए गए लोगों में अमजद, हासीम और मोहम्मद सोयेब शामिल हैं. तीनों उत्तर प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं.

 

एसपी ने क्या बताया?

पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है. किशनगंज एसपी संतोष कुमार ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. तस्करों के संपर्क और नेटवर्क को खंगाला जा रहा है. एसपी ने बताया कि किशनगंज क्षेत्र में पहले भी बकरीद के समय ऊंट तस्करी के मामले सामने आ चुके हैं. इस बार की कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है.फिलहाल तीन गिरफ्तारियां हुई हैं. 12 ऊंट सुरक्षित हैं. आगे की कार्रवाई जारी है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े और नाम सामने आ सकते हैं.

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

error: Content is protected !!