दलसिंहसराय:विद्यापतिनगर में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, तीन घर राख
दलसिंहसराय।विद्यापतिनगर।प्रखंड अंतर्गत सोंठगामा पंचायत के वार्ड संख्या एक में शुक्रवार देर रात बिजली के शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। इस घटना में तीन झोपड़ीनुमा घर जलकर राख हो गए, जबकि चार मवेशी झुलस गए। इनमें से एक गाय और एक बछड़े की मौत हो गई। आग से सोंठगामा निवासी विजय राय, अजय राय और संजय राय का घर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। पीड़ित परिवारों के अनुसार, शॉर्ट सर्किट के कारण लगी इस आग में घरों में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। इस अग्निकांड में 53 हजार रुपये नकद, एक बाइक, आभूषण, बर्तन और खाने-पीने का सामान भी जल गया।
इसके अतिरिक्त, चार मवेशी झुलस गए, जिनमें से एक गाय और एक बछड़े ने दम तोड़ दिया। पीड़ित सविता देवी ने बताया कि रात में शॉर्ट सर्किट से आग लगने के बाद अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने कहा कि उनके घर में रखे सभी सामान, जिसमें आभूषण और 53,000 रुपये नकद शामिल थे, जलकर राख हो गए। उधर स्थानीय लोगों का बताना है कि आग लगने की घटना के बाद काफी देर तक न तो दमकल की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची और न ही स्थानीय पुलिस ही पहुंची। किसी प्रकार स्थानीय लोगों की सहायता से आग पर काबू पाया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि चंपा चल और बोरिंग के द्वारा पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
इस घटना में घर में रखा सभी सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। बताया गया कि परिवार के पास अब भोजन करने के लिए अनाज तक नहीं बचा है। देर रात आग लगने की वजह से लोगों के सोए रहने के कारण घर से किसी भी सामान को बाहर नहीं निकाला जा सका। प्रभारी अंचल अधिकारी अरुण कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित परिवारों द्वारा घटना की जानकारी दी गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार की ओर से प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
