पटना में कुख्यात नीतीश का एनकाउंटर,पुलिस ने दौड़ाकर मारी गोली
पटना के मनेर में पुलिस ने एनकाउंटर किया है। गोली कुख्यात नीतीश कुमार के पैर में लगी है। मनेर थाना और एसटीएफ ने यह कार्रवाई गुरुवार की रात 11 बजे रतन टोला में की है।पुलिस को जानकारी मिली थी कि नीतीश कुमार रतन टोला में छिपा हुआ है। पुलिस ने इलाके को घेर लिया। नीतीश ने जैसे ही पुलिस को देखा उसने फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की गोली नीतीश के बाएं पैर में लगी। गोली लगने के बाद नीतीश जमीन पर गिर पड़ा। जिसके बाद पुलिस ने उसे अरेस्ट कर इलाज के लिए पीएमसीएच भेज दिया।
स्वर्ण व्यवसायी को लूट के दौरान मारी थी गोली
9 जनवरी काे नीतीश और उसके 2 साथियों ने मिलकर मनेर के रसूलपुर गांव के रहने वाले आभूषण कारोबारी संजय सोनी काे हथियार के बल पर रोक लिया।विरोध करने पर संजय सोनी पर नीतीश ने गाेली चला दी थी। गाेली सोनी के कंधे पर लगी थी पर बदमाश लूट की वारदात को अंजाम नहीं दे पाए। इस घटना का वीडियो भी सामने आया था।
स्वर्ण व्यवसायी से लूट की घटना सीसीटीवी में कैद हुई थी। इस दौरान नीतीश ने व्यवसायी को गोली मारी थी।सिटी एसपी वेस्ट भानू प्रताप सिंह ने बताया कि उसके पास से 9 जनवरी काे कारोबारी काे गाेली मारने में इस्तेमाल एक देसी कट्टा के अलावा एक पिस्टल और दाे कारतूस बरामद किया गया। इस साल जनवरी महीने में पटना पुलिस व एसटीएफ काे दूसरा एनकाउंटर है।
सीसीटीवी से हुई थी नीतीश की पहचान
9 जनवरी काे कारोबारी सोनी से गहने लूटने की कोशिश करने और गाेली मारकर घायल करने के मामले में नीतीश व उसके अन्य दाे बदमाशों का फुटेज सीसीटीवी में कैद हुआ था। पुलिस ने नीतीश की पहचान कर ली थी। पहचान होने की भनक लगाने के बाद नीतीश बार-बार ठिकाना बदल रहा था। मनेर थाने की पुलिस और एसटीएफ उसके पीछे लगी थी। इसी बीच गुरुवार की रात काे उसका लोकेशन रतनटोला में मिला। पुलिस मौके पर पहुंची और फिर नीतीश से सामना हाे गया।
पटना एसटीएफ और खगौल पुलिस की कुख्यात अपराधी मैनेजर राय से 2 जनवरी की सुबह मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से करीब 6 राउंड गोलियां चलाई गईं।मुठभेड़ में अपराधी मैनेजर राय के पैर में गोली लगी। घायल अपराधी को इलाज के लिए पटना एम्स में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मौके से दो कारतूस और एक कट्टा बरामद किए। मामला खगौल थाना क्षेत्र के खगौल लख के पास का है।
इससे पहले 31 दिसबंर की शाम बेगूसराय में STF और नक्सली के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी नक्सली मारा गया। यह मुठभेड़ तेघड़ा थाना क्षेत्र के नोनपुर गांव के पास हुई।पुलिस सूत्रों के अनुसार, STF को इनपुट मिला था कि एरिया कमांडर दयानंद मालाकार उर्फ छोटू उर्फ दमन उर्फ कुलवीर उर्फ आकाश उर्फ सनेश उर्फ योगेन्द्र अपने गांव नोनपुर में मौजूद है।
इसके बाद स्थानीय पुलिस और STF छापेमारी करने पहुंची। पुलिस पहुंची तो नक्सली की ओर से फायरिंग शुरू कर दी गई। इसके जवाब में पुलिस की ओर से भी फायरिंग की गई। बताया जा रहा है कि दोनों ओर से 20 राउंड से अधिक गोलियां चलीं।
करीब डेढ़ महीने में बिहार पुलिस ने 5 हाफ एनकाउंटर किए हैं। 18 दिसंबर को सारण में पुलिस ने दो अपराधियों को दौड़ा कर गोली मारी। पैर में गोली लगने से घायल दोनों अपराधियों को छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।इससे पहले 11 दिसंबर को पटना पुलिस ने बैंक कर्मचारी से 10 लाख की रंगदारी मांगने वाले अपराधी राकेश के पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया था।वहीं 2 दिसंबर को छपरा में शराब माफिया, 21 नवंबर को बेगूसराय में कुख्यात शिवदत्त राय और 7 नवंबर को छपरा में कुख्यात शिकारी राय का हाफ एनकाउंटर हुआ था।
बैंक कर्मी से 10 लाख की रंगदारी मांगने वाले का हाफ एनकाउंटर
‘पैसे रेडी हुए या नहीं। मेरे पास टाइम नहीं है। 10 दिन का टाइम नहीं दे पाऊंगा। 10 दिन बहुत हो जाएगा। नहीं कर पाएंगे तो आप सोचिएगा।पैसे रेडी मिलने चाहिए। उसके बाद बताता हूं कहां देना है किसे देना है। थोड़ी सी भी गलती की तो अंजाम बुरा होगा। मैं जो कहता हूं वो कर के दिखाता हूं। पैसे का जुगाड़ कीजिए नहीं तो ठोक देंगे।’
30 नवंबर 2025 को केनरा बैंक के कर्मचारी को फोन पर ये धमकी देने वाले अपराधी को पटना पुलिस ने ठोक दिया। पुलिस ने रंगदारी मांगने के आरोपी राकेश कुमार को दौड़ा कर गोली मारी । गोली पैर में लगी,जबकि उसका एक साथी फरार हो गया। पूरी खबर पढ़ें
छपरा में शराब माफिया का हाफ एनकाउंटर
2 दिसंबर को छपरा में मांझी में पुलिस ने शराब माफिया का हाफ एनकाउंटर किया। शराब माफिया अजय राय पुलिस की गोली से घायल हुआ। वो मांझी इलाके में शराब की खेप उतरवा रहा था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो उसने फायरिंग शुरू कर दी.जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की। अजय राय भागने लगा। पुलिस ने उसे दौड़ाकर गोली मारी। अजय राय के पैर में गोली लगी थी।दुर्गा घाट पर हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की फायरिंग की आवाज सुनकर एक तस्कर सुकेश कुमार ने सरेंडर कर दिया था।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
