राष्ट्रीय अंडर-19 बालिका सेपक टकरा चैंपियनशिप मेबीहट की मुस्कान बिहार टीम का करेगी प्रतिनिधित्व
बेगूसराय के बीहट निवासी मुस्कान का चयन राष्ट्रीय अंडर-19 बालिका सेपक टकरा चैंपियनशिप 2025 के लिए बिहार टीम में हुआ है। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) की ओर से चैंपियनशिप का आयोजन किया जा रहा है। मुस्कान की इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी की लहर है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता राजस्थान के जोधपुर में आयोजित की जा रही है। मुस्कान मध्य विद्यालय बीहट की पूर्ववर्ती छात्रा हैं। वर्तमान में महात्मा गांधी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बीहट में दसवीं में पढ़ रही हैं। खेल जगत में उनका प्रवेश एथलेटिक्स के माध्यम से हुआ। लेकिन असाधारण फुर्ती, संतुलन और अदम्य जुझारूपन ने उन्हें सेपक टकरा जैसे कठिन और तकनीकी खेल में विशिष्ट पहचान दिलाई।मेजर ध्यानचंद क्रीड़ा परिसर में अभ्यास सत्र के दौरान मुस्कान की प्रतिभा ने जिला सेपक टकरा संघ के सचिव सह प्रशिक्षक विकाश कुमार का ध्यान आकर्षित किया था। तभी से कोच के सतत मार्गदर्शन, अनुशासनबद्ध प्रशिक्षण और मुस्कान की अथक मेहनत ने अल्प समय में उन्हें जिला, राज्य और अब राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा दिया।
जिला सेपक टकरा संघ के सचिव सह कोच विकाश कुमार ने बताया कि बिहार की 15 सदस्यीय टीम के अंतिम 5 खिलाड़ियों में चयनित मुस्कान पूरे मुंगेर प्रमंडल की एकमात्र खिलाड़ी हैं। इससे पहले बेगूसराय में आयोजित राज्य स्तरीय (स्कूल गेम्स) प्रतियोगिता में उन्होंने स्वर्ण पदक और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीता था। शानदार प्रदर्शनों के आधार पर उनका चयन बिहार टीम में किया गया।
कोच के साथ जोधपुर रवाना
बेगूसराय जिला सेपक टकरा संघ के अध्यक्ष अनुपमा सिंह ने कहा कि मुस्कान की सफलता ग्रामीण अंचलों की बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। यह उपलब्धि स्पष्ट संदेश देती है कि अगर बेटियों को अवसर, संसाधन और प्रोत्साहन मिले, तो वे खेल के क्षेत्र में भी राज्य और देश का नाम रोशन कर सकती हैं। मुस्कान का चयन बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान की सशक्त और जीवंत मिसाल है।बीहट असरहपुर निवासी मुस्कान कुमारी, स्वर्गीय राजकुमार सिंह की पुत्री हैं। मां बेबी देवी पढ़ाई के साथ खेल के लिए भी लगातार प्रेरित करती रही हैं। राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए मुस्कान अपने कोच ममता सिंह के साथ जोधपुर के लिए रवाना हो चुकी हैं। जहां शाला क्रीड़ा संगम गोशाला मैदान जोधपुर में 22 दिसंबर तक की प्रतियोगिता में अपने निर्धारित शेड्यूल के अनुसार भाग लेगी।
इस उपलब्धि पर डीएम श्रीकांत शास्त्री, डीईओ मनोज कुमार, जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार, नगर परिषद बीहट के उपमुख्य पार्षद ऋषिकेश कुमार, बीडीओ अनुरंजन कुमार, बीईओ सुभाष कुमार, मध्य विद्यालय बीहट के प्रधानाध्यापक रंजन कुमार एवं तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार सहित जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों एवं खेलप्रेमियों ने मुस्कान को राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामना दी है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
