गर्लफ्रेंड प्रेमी के साथ पकड़ी गई, लोगों ने शादी कराई: शादी के बाद प्रेमिका बोली-हमारा प्यार सच्चा
पटना.भागलपुर में पकड़ौआ विवाह का मामला सामने आया है। शनिवार देर रात प्रेमिका से मिलने पहुंचे प्रेमी को लोगों ने पकड़ लिया।इसके बाद गांव के पास मंदिर में दोनों की शादी करा दी। घटना कहलगांव के शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र के ज्योतिपुर की है।
जानकारी के मुताबिक प्रेमिका ने अपने प्रेमी को रात के अंधेरे में मिलने के लिए बुलाया था। मुलाकात के दौरान ग्रामीणों ने दोनों को देख लिया। इसके बाद लड़का-लड़की को पकड़कर मंदिर के ही एक कमरे में बंद कर दिया गया। सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ जुट गई।
गांव के बुजुर्गों के कहने पर लड़के के परिजनों को बुलाया गया। पहले तो लड़के के परिजन शादी से इनकार कर रहे थे। ग्रामीणों के दबाव के बाद शादी के लिए राजी हो गए। रात में ही हिंदू रीति-रिवाज से शादी करवा दी गई।
हमें कोई अलग नहीं कर सकता है
प्रेमी राजीव ने बताया कि पिछले 5 महीने से दोनों एक-दूसरे से प्यार करते थे। अब साथ ही रहेंगे। वहीं, लड़की का कहना है कि हम दोनों अब हमेशा के लिए एक हो गए हैं। अब साथ ही जीना और मरना है। कोई हमें अलग नहीं कर सकता है।
शिव मंदिर में मिलते थे दोनों
5 महीने पहले नया टोला निवासी राजीव कुमार की मुलाकात कॉलेज जाते समय ज्योतिपुर गांव की पूजा से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। आधा किलोमीटर के दायरे में दोनों का घर है। राजीव का कहना है कि, उसने लड़की से उसका नंबर मांगा। फिर हम दोनों घंटों बातचीत करने लगे। बातचीत के दौरान हम दोनों काफी करीब आ गए।प्रेमिका के घर से थोड़ी दूरी पर एक शिव मंदिर है, जहां रोजाना शिव चर्चा होती है। इसी बहाने लड़की घर से बाहर निकलती थी और लड़के को मिलने के लिए बुलाती थी।
शनिवार को प्रेमिका घर में अपनी मम्मी से शिवचर्चा में जाने की बात कहकर निकली। उसके बाद प्रेमी को फोन करके बुलाया। लड़का घर से निकलकर प्रेमिका से मिलने पहुंचा। मुलाकात और बातचीत हो ही रही थी कि लोगों ने दोनों को देख लिया। इसके बाद युवक को पकड़कर कमरे में बंद कर दिया गया।मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी के बाद ग्रामीणों ने लड़की को ससुराल भेज दिया। देर रात तक शादी की रस्में चलती रही, लेकिन पुलिस बेखबर रही। किसी ने सूचना भी नहीं दी। इस संबंध में जब थानाध्यक्ष राजेश यादव से बात की गई तो उन्होंने कहा कि अभी कोई जानकारी नहीं है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
