दलसिंहसराय:बाइक से टकराई महिला, इलाज के दौरान मौत,NH-122B जाम
दलसिंहसराय।विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के खनुआं गया के पास गुरुवार सुबह एक सड़क दुर्घटना में घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका की पहचान मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र के बोचहा पंचायत वार्ड नंबर 9 निवासी 65 वर्षीय द्रोपदी देवी के रूप में हुई। वह समस्तीपुर आंख का इलाज कराने जा रही थीं, तभी एक बेकाबू बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी।
ग्रामीणों ने आक्रोश में घटना के बाद सड़क जाम किया
दुर्घटना के बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतका के परिजनों और ग्रामीणों ने खनुआं पुल के पास शव रखकर NH-122B को लगभग एक घंटे तक जाम कर दिया। इस दौरान सड़क पर आवाजाही पूरी तरह बाधित रहा। पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
सड़क सुरक्षा और प्रशासन से मांग की
ग्रामीणों का कहना है कि स्पीड ब्रेकर न होने और सड़क किनारे अवैध पार्किंग के कारण दुर्घटनाएं लगातार हो रही हैं। सड़क चौड़ी होने के बावजूद गाड़ियों की रफ्तार बढ़ गई है। उन्होंने प्रशासन से सड़क पर सुरक्षा उपाय करने और स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की। थाना प्रभारी सूरज कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस दुर्घटना ने इलाके में सड़क सुरक्षा के मुद्दे को फिर से उजागर कर दिया है, और लोग चाहते हैं कि प्रशासन जल्द से जल्द ठोस कदम उठाए।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
