दलसिंहसराय:श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन स्वामी श्रीधराचार्य ने सुनाई गोवर्धन लीला, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
दलसिंहसराय : शहर के मेन बाजार स्थित अशर्फी भवन में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन अयोध्या धाम के जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी श्रीधराचार्य ने व्यासपीठ से कथा सुनाकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कथा के दौरान उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला, पूतना मोक्ष और माखन चोरी जैसी दिव्य घटनाओं का वर्णन किया।स्वामी श्रीधराचार्य ने कहा कि भगवान को चाहे भाव से भजो या कुभाव से, वे सदैव भक्तों का कल्याण ही करते हैं। पूतना श्रीकृष्ण को विषपान कराकर मारने आई थीं, परंतु प्रभु ने उसे भी मुक्ति का वरदान दिया। उन्होंने कहा कि माखनचोरी की लीला के माध्यम से भगवान सबके मन के पापों को चुराते हैं,
और अंततः अपने भक्तों के हृदय को शुद्ध करते हैं।स्वामी जी ने गोवर्धन लीला का उल्लेख करते हुए बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने यह सन्देश दिया कि इस संसार में उनके सिवाय कोई दूसरा नहीं है। गोवर्धन पर्वत को धारण कर उन्होंने इंद्र के अहंकार का नाश किया और यह दिखाया कि प्रभु ही सर्वोच्च शक्ति के प्रतीक हैं। कथा के प्रत्येक प्रसंग पर श्रद्धालु झूम उठे और “जय श्रीकृष्ण” के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।कथा के मुख्य यजमान रघुनाथ प्रसाद एवं सरोज गुप्ता दंपती हैं।
आयोजन की सफलता में आनंद कुमार गुप्ता, आशीष कुमार गोपू, अश्वनी कुमार गुप्ता, हरिओम प्रसाद, सुनील कुमार बमबम, अनिल सोनी, बिनोद प्रसाद व संजय कुमार मिठ्ठू सहित अन्य सहयोगी सक्रिय भूमिका में नजर आए।कथा स्थल पर प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती जा रही है। कथास्थल को पुष्प व रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया है, जहाँ भक्तिभाव से ओतप्रोत वातावरण सभी को आनंदित कर रहा है।
9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।
