पूसा विश्वविद्यालय में नए छात्रों का नामांकन शुरू :60% सीटों पर एडमिशन पूरा
समस्तीपुर के डॉ राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा में नए छात्रों का नामांकन शुरू हुआ। दो दिनों तक चलने वाले इस प्रक्रिया में पहले दिन विश्वविद्यालय के लगभग साठ प्रतिशत से अधिक सीटों पर नामांकन पूरा हो गया। नामांकन की प्रक्रिया के दौरान कुलपति डॉ पी एस पांडेय व कुलसचिव डॉ पी के प्रणव ने निगरानी की।
कुलपति डॉ पांडेय ने कहा कि विश्वविद्यालय में नए छात्रों का आगमन एक बड़ा उत्सव है।
विश्वविद्यालय में नामांकन की प्रक्रिया को इस तरह से उन्नत किया गया है कि छात्रों को गौरव हो कि वे कृषि शिक्षा की जन्मस्थली पूसा में नामांकन लेने आये हैं । उन्होंने कहा कि छात्रों और अभिभावकों के लिए समस्तीपुर और मुजफ्फरपुर से मुफ्त बस की सुविधा दी गई है।दोनों ही स्थल पर विश्वविद्यालय के कर्मचारियों की तैनाती की गई है, ताकि दूसरे राज्यों से आने वाले छात्रों और अभिभावकों को कोई समस्या न हो। डॉ पांडेय ने नामांकन के दौरान सभी काउंटर पर जाकर छात्रों और अभिभावकों से बातचीत की और उनका फीडबैक भी लिया।
कुलसचिव डॉ पी के प्रणव ने कहा कि नामांकन की प्रक्रिया कल भी चलेगी। उन्होंने कहा कि छात्रों के लिए इस बार एक हेल्प डेस्क भी बनाया गया है। इस डेस्क पर किसी को तरह की समस्या का निदान किया जा रहा है। छात्रों को फोटोकॉपी आदि में समस्या न हो, इसलिए नामांकन स्थल पर ही फोटोकॉपी की भी व्यवस्था की गई है।
829 छात्रों का होगा नामांकन
दो दिन तक चलने वाले इस नामांकन प्रक्रिया में कृषि और संबंधित विभिन्न विषयों में स्नातक के 451 स्नातकोत्तर के 312, और पीएचडी के 66 छात्रों का नामांकन किया जाएगा। नामांकन के बाद छात्रों के लिए 24 नवंबर से दीक्षारंभ कार्यक्रम की शुरुआत की जायेगी।लगभग पंद्रह दिन से अधिक चलने वाले इस कार्यक्रम में छात्रों को संचार कौशल, पर्सनेलिटी डेवलपमेंट, टेबल इटिकेट्स, गीत ,संगीत, पेंटिंग आदि से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा। आपको बता दें कि दीक्षारंभ कार्यक्रम की शुरुआत इसी विश्वविद्यालय से हुई थी, बाद में इसकी उपयोगिता को देखते हुए अब यूजीसी और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद ने सभी विश्वविद्यालयों में लागू कर दिया है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
