समस्तीपुर के गोविंदपुर के पास हथियार के बल पर टेंट व्यवसायी से लूट
समस्तीपुर:रोसड़ा : थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव के समीप देर रात स्कूटी से घर लौट रहे दो युवकों को अपराधियों ने रोककर बुरी तरह घायल कर दिया. स्कूटी व मोबाइल लूटकर फरार हो गये. घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है. मिली जानकारी के अनुसार शहर के गांधी चौक वार्ड 22 निवासी नंदलाल सहनी के पुत्र नीतीश कुमार एवं पूर्व वार्ड आयुक्त राजेंद्र सहनी के पौत्र व धर्मेंद्र सहनी के पुत्र राघव कुमार टेंट व्यवसाय से जुड़े हैं.
दोनों युवक चक्का गांव में विवाह समारोह में टेंट लगाने का काम कर देर रात स्कूटी से घर लौट रहे थे. इसी दौरान काले रंग की अपाचे बाइक पर सवार चार हथियारबंद अपराधियों ने पीछा करते हुए अपने पैर से स्कूटी में जोरदार धक्का मारा. अचानक हुए हमले से स्कूटी अनियंत्रित होकर खेत में गिर गई. इसके बाद अपराधियों ने पिस्टल के बट से नीतीश कुमार के सिर पर प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया. राघव कुमार के साथ भी मारपीट की.
हमलावरों ने दोनों का दो मोबाइल फोन व स्कूटी लूट लिया. अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गये. घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे. दोनों घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल रोसड़ा भेजा. जहां उनका इलाज चल रहा है. पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर छापेमारी अभियान तेज कर दिया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
