Patna

शराबी पिता ने मासूम को पटका:बच्चे की दर्दनाक मौत,बाप को गिरफ्तार किया

गया जिले के आमस थाना क्षेत्र में एक शराबी पिता ने अपने ढाई वर्षीय पुत्र को पटक कर मार डाला। यह घटना आमस थाना क्षेत्र के गंगटी गांव में हुई। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।मृतक बच्चे के मामा पवन कुमार ने बताया कि उनकी बहन की शादी करीब सात साल पहले रामपुर पंचायत के नवगढ़ गांव निवासी चलीतर यादव के पुत्र नकुल यादव से हुई थी। नकुल यादव शराब के नशे में अक्सर उनकी बहन के साथ मारपीट करता था। इसी कारण उनकी बहन अपने मायके, गंगटी गांव में रह रही थी।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

नशे में आया पिता, झगड़े के बाद बच्चे को पटक दिया

 

गुरुवार रात आरोपी पिता नकुल यादव शराब के नशे में गंगटी गांव पहुंचा। उसने अपनी पत्नी से झगड़ा करना शुरू कर दिया और उसे घर चलने के लिए कहा। पत्नी ने जवाब दिया कि वह अपने पिता (मृतक के नाना) के आने के बाद ही घर जाएगी। इसके बाद नकुल घर से बाहर सड़क पर सो गया, जिसे परिवार वालों ने उठाकर घर में सुला दिया। रात करीब 11 बजे वह उठा और बच्चे को पटक दिया।बच्चे की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अनुमंडल अस्पताल शेरघाटी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से बच्चे की मां शारदा देवी और बहन ब्यूटी कुमारी गहरे सदमे में हैं।

 

पुलिस पहुंची, मामले की जांच शुरू

 

ग्रामीणों ने घटना की सूचना आमस पुलिस को दी। सूचना मिलते ही आमस पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी। आमस थाना प्रभारी धनंजय कुमार ने बताया कि नवगढ़ गांव निवासी नकुल यादव अपने ससुराल गंगटी गांव आया हुआ था। परिवार से झगड़े के दौरान उसने अपने बच्चे को पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

 

मृतक की पहचान और आरोपी की गिरफ्तारी

 

मृतक की पहचान नवगढ़ गांव निवासी नकुल यादव के ढाई वर्षीय पुत्र रौशन कुमार के रूप में हुई है। शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपी पिता नकुल यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

error: Content is protected !!