Samastipur

समस्तीपुर:युवक की मौत पर पत्नी बोली- शराब पीने से गई जान

समस्तीपुर।विभूतिपुर।थाना क्षेत्र अंतर्गत केराई पुल चौक के समीप बुधवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने दलसिंहसराय- अंगार घाट मुख्य सड़क को जाम कर दिया। ग्रामीणों ने पुलिस के विरोध में आगजनी और ज़ोरदार नारेबाजी भी की। बताया गया कि बीते मंगलवार को गांव के छोटेलाल राम उर्फ छोटू राम (37 वर्ष) की कथित तौर पर देसी शराब पीने से मौत हो गई है। मौके पर आक्रोशित लोगों ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि केराई डीह वार्ड 6 में करीब एक दर्जन से अधिक घरों में धड़ल्ले से देसी शराब की बिक्री होती है और कुछ घरों में शराब बनाई भी जाती है। ग्रामीणों का आरोप है कि इसकी जानकारी पुलिस को होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जाती। उनका दावा है कि यही देसी शराब के कारण 6 महीने में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि पुलिस इस आरोप को नकार रही है।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

बताया जाता है कि मृतक छोटेलाल राम के परिजन ने मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार कर दिया था। बुधवार की सुबह, ग्रामीणों ने एकजुट होकर शराब धंधेबाज को शराब बेचने से मना किया, जिसपर धंधेबाज गाली गलौज करते हुए लाठी-डंडा लेकर मारपीट पर उतारू हो गया। इसके बाद, पूरे ग्रामीण एकजुट होकर केराई पुल चौक के समीप मुख्य सड़क पर उतर आए और जाम लगा दिया। यहां ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। साथ ही उन्होंने आगजनी करते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया।

 

मृतक छोटेलाल राम की पत्नी रजनी देवी ने बताया कि उनके पति खेत से लौटने पर शराब पीने चले गए। जब वह 10-11 बजे के करीब घर पहुंचे, तो उल्टी की और कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। वार्ड सदस्य अजय कुमार राम ने कहा कि जानकारी के बावजूद पुलिस कार्रवाई करने में विफल रही है। उन्होंने बताया कि केराई पंचायत के सिर्फ 6 वार्ड में 6 महीने में 5 लोगों की मौत देसी शराब पीने से हुई है, जिसमें सोनेलाल राम, रामविलास राम,अनूप राम के पुत्र रामाश्रय राम, नंदन राम के पुत्र दिनेश राम, शनिच्चर राम के पुत्र छोटेलाल राम उर्फ छोटू राम शामिल हैं।

 

दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जिसके घर से शराब बरामद हुई है उस पर कार्रवाई की जाएगी। परिजन बिना पोस्टमार्टम ही अंतिम संस्कार कर दिए। वैसे पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। -पल्लवी कुमारी, थानाध्यक्ष, रोसड़ा, उत्पाद विभाग

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

error: Content is protected !!