Patna

बाहुबली अनंत सिंह का कॉन्फिडेंस हाई; रिजल्ट से पहले महाभोज

पटना।बिहार विधानसभा चुनाव का रिजल्ट 14 नवंबर को आएगा, लेकिन मोकामा विधानसभा सीट से JDU प्रत्याशी और बाहुबली अनंत सिंह के समर्थकों अभी से जश्न के मूड में है। सभी ने ये मान लिया है कि 14 नवंबर को अनंत सिंह की जीत पक्की है। इसलिए बिना रिजल्ट आए ही अनंत सिंह के पटना के मॉल रोड वाले आवास पर बड़े पैमाने पर भोज और जश्न की तैयारी हो रही।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

इसके लिए अनंत सिंह ने सभी को निमंत्रण भेज दिया है। 23,000 स्क्वायर फीट के क्षेत्र में टेंट-पंडाल लग रहा है। भोज में 50,000 लोगों को खिलाने-पिलाने के लिए व्यवस्था की जा रही है।हलवाइयों की एक बड़ी टीम आज अनंत सिंह के आवास पर पहुंच गई है। पूरी टीम 2 दिन तक 2 लाख रसगुल्ले बनाएगी। 1 लाख गुलाब जामुन और 1 लाख सफेद रसगुल्ले बनेंगे।

 

मिठाइयां बनाने के लिए 2 टैंकर दूध मंगवाया गया है। जिसकी कीमत 6 लाख होगी। 14 नवंबर को भोज होगा।

 

अनंत सिंह के आवास पर क्या तैयारियां चल रही हैं? टेंट में किस तरह की व्यवस्था है? कितने लोगों की टीम भोज की तैयारी के लिए आ रही है? क्या अनंत सिंह अपनी बेल के लिए भी अप्लीकेशन देंगे? य

 

अनंत सिंह के आवास पर चारों तरफ मजदूर काम करते हुए दिखाई पड़ रहे थे। जब वहां पहुंचे तो देखा कि आवास के बाहर परिसर में मैदान को समतल किया जा रहा था। जहां गड्‌ढे थे वहां जेसीबी से मिट्‌टी डालकर भरा जा रहा था। ग्राउंड की पूरी साफ-सफाई की जा रही थी। वहां हमारी बातचीत मोकामा के रहने वाले सुरेंद्र पासवान से हुई।

 

पासवान बताते हैं कि “तीन दिन से 25 मजदूर लगातार काम कर रहे हैं। पूरे मैदान को बराबर किया जा रहा है, दो बुलडोजर से काम चल रहा है। एक लाख से ज्यादा बांस मंगाए गए हैं टेंट के लिए। बुधवार को टेंट का काम पूरा कर लिया जाएगा। 23000 वर्ग फीट में पूरा टेंट लगाया जा रहा है। इसमें 50 हजार लोगों के बैठने का इंतजाम किया जाएगा। मोकामा के बहुत से लोग यहां तैयारियों में लगे हुए हैं।”

 

 

20 हजार लीटर दूध से बनाए जाएंगे रसगुल्ले

 

टेंट की व्यवस्था देखने के बाद हमने खाने पर बातचीत शुरू की। पासवान बताते हैं, ‘ करीब 50 हजार लोगों के खाने पीने का इंतजाम किया जा रहा है। पटना शहर और मोकामा से लोग आएंगे। बुधवार से 36 हलवाइयों की टीम काम में लग रही है। दो दिन तक सफेद वाला रसगुल्ला और गुलाब जामुन बनाया जाएगा। दो टैंकर दूध का ऑर्डर दिया गया है, जिसमें करीब 20 हजार लीटर दूध आएगा। कल से ही हलवाई दूध को फाड़ना और खोया बनाना शुरू कर देंगे। चार गाड़ियों से मंडी से सामान लाया जाएगा।रसगुल्ले तैयार होने के बाद टेंट में ही स्टोर किया जाएगा। इसके अलावा चार टन आलू मंगाया गया है। कम से कम दस तरह की सब्जी और अन्य व्यंजन बनाए जाएंगे। हमें संदेश मिला है कि कोई भी आदमी बिना खाना खाए वापस नहीं जाना चाहिए। उसी हिसाब से हम लोग तैयारी में लगे हैं।”

 

13 नंवबर की शाम से पूरी-सब्जी बनाने की होगा तैयारी

 

अनंत सिंह के एक अन्य समर्थक बताते हैं कि 13 नवंबर की शाम से भोज का प्रमुख पकवान बनना शुरू होगा। हलवाई पूरी, सब्जी बनाना शुरू करेंगे। रात में तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी। सब्जी बनकर सुबह तक स्टोर हो जाएगी। पूरी के लिए आटे तैयार कर लिए जाएंगे।सुबह दस बजे से भोज शुरू हो जाएगा। हलवाई पूरियां तलना शुरू कर देंगे। लोगों को गर्म खाना दिया जाएगा।

 

 

कुर्सी-टेबल पर खिलाया जाएगा खाना

 

लोगों को खाना खिलाने के लिए कुर्सियां लगाई जा रही हैं। खाना खाने में कोई परेशानी नहीं हो इसके लिए टेबल भी मंगाया जाएगा। पूरे आदर के साथ अनंत सिंह के समर्थक लोगों को खाना खिलाएंगे। खाना खिलाने वालों की संख्या निर्धारित नहीं है।अनंत सिंह के समर्थक अपने स्तर से सभी खाना परोसेंगे। कोई लोगों को सब्जी देगा, कोई पूरी देगा तो कोई पानी देगा। इसके अलावा भोज वाली जगह पर लाइटिंग की अच्छी व्यवस्था भी की जा रही है।

 

 

अनंत सिंह जेल से ले रहे पूरी जानकारी

 

सूत्रों के अनुसार, आम कैदियों की तरह अनंत सिंह से भी जेल में केवल एक व्यक्ति को ही हफ्ते में मिलने की अनुमति है, लेकिन इस सीमित मुलाकात के बावजूद समर्थक पूरी व्यवस्था की जानकारी अनंत को दे रहे हैं। आवास, सुरक्षा, खाने-पीने और हर सुविधा की जानकारी अनंत समझ रहे हैं।अनंत सिंह ने अपने समर्थकों और शुभचिंतकों को सोशल मीडिया के जरिए न्योता भेजा है। उनके फेसबुक पेज से एक पोस्ट किया गया, जिसमें लिखा था, ‘मोकामा विधानसभा के समस्त एनडीए कार्यकर्ताओं, समर्थकों, शुभचिंतकों के लिए आमंत्रण। आप सभी सादर आमंत्रित हैं। 25 से 30 फिर से नीतीश।

 

2005 से 4 बार विधायक बने अनंत

 

मोकामा सीट से अनंत सिंह 2005 से लगातार चार बार विधायक रहे। दो बार JDU से, एक बार RJD से और एक बार निर्दलीय जीते। फिर AK-47 राइफल रखने के मामले में उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया।2022 में मोकामा में उपचुनाव हुए। इस बार अनंत सिंह ने पत्नी नीलम देवी को चुनाव लड़वाया। RJD की टिकट पर लड़ीं नीलम देवी जीत गई। 2025 के विधानसभा चुनाव से पहले अनंत सिंह AK-47 मामले में बरी हो गए। अब फिर से चुनाव मैदान में हैं।

 

 

मोकामा में इस बार 64.77 प्रतिशत हुई वोटिंग

 

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में मोकामा सीट पर 64.77% मतदान हुआ था। यहां से जेडीयू के प्रत्याशी अनंत सिंह का मुकाबला पूर्व सांसद और बाहुबली नेता सूरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी से है। यह सीट हमेशा से राजनीतिक रूप से हॉटस्पॉट मानी जाती रही है, और इस बार भी मुकाबला बेहद दिलचस्प है।

 

 

जेल में हैं अनंत सिंह, फिर भी चुनावी जोश बरकरार

 

अनंत सिंह इस समय पटना के बेऊर जेल में बंद हैं। उन पर दुलारचंद यादव हत्याकांड का आरोप है। 1 नवंबर की आधी रात को पटना पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में पता चला कि अनंत सिंह घटना स्थल पर मौजूद थे।घटना 30 अक्टूबर की दोपहर की है, जब जन सुराज प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी और जेडीयू प्रत्याशी अनंत सिंह के समर्थकों के बीच झड़प हो गई थी। इस झड़प में आरजेडी नेता दुलारचंद यादव की मौत हो गई थी।

 

इस मामले में कुल 4 FIR दर्ज की गई हैं। एक दुलारचंद के परिजनों की ओर से, एक अनंत सिंह के समर्थक जितेंद्र और दो पुलिस की ओर से केस हुआ है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बताया गया कि दुलारचंद की मौत हार्ट फेल होने और सीने पर भारी दबाव के कारण हुई, जिससे उनके फेफड़े फट गए।अनंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद उनके चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी जेडीयू के वरिष्ठ नेता और सांसद ललन सिंह ने संभाली थी। उन्होंने पूरे क्षेत्र में डोर-टू-डोर कैंपेन और जनसभाएं कीं थी।6 नवंबर को मतदान के दौरान अनंत सिंह जेल में ही थे और माना जा रहा है कि नतीजे आने तक वहीं रहेंगे। इसके बावजूद जश्न का माहौल है। सोर्स: दैनिक भास्कर।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

error: Content is protected !!