बेगूसराय में स्टेट गर्ल्स कबड्डी प्रतियोगिता का शुरुआत:9 प्रमंडल के खिलाड़ी शामिल
बेगूसराय।बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, खेल विभाग बिहार सरकार एवं बेगूसराय जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में गांधी स्टेडियम बेगूसराय में आज से चार दिवसीय राज्य स्तरीय (अंतर प्रमंडल) विद्यालय कबड्डी बालिका अंडर-14, 17 और 19 खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ हो गया।
खेल समारोह का उद्घाटन सहायक समाहर्ता अजय कुमार यादव, वरीय उप समाहर्ता पूजा कुमारी, एडीएम पीजीआरओ मो. शकील आलम, आईसीडीएस निदेशक रश्मि कुमारी, सामाजिक सुरक्षा कोषांग निदेशक नेहा कुमारी एवं जिला खेल पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इसके बाद गुब्बारा उड़ाकर तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए खेल शुरू किया गया। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए सहायक समाहर्ता अजय कुमार यादव ने कहा कि कबड्डी अपने देश का खेल है। जिसने आज विश्व स्तर पर अपनी एक अलग पहचान बना ली है। बिहार सरकार खिलाड़ियों को सभी सुविधा और प्रशिक्षण मुहैया करा रही है।
वरीय उपसमाहर्ता पूजा कुमारी ने कहा कि खेल के क्षेत्र में आज लड़कियां भी किसी से पीछे नहीं है। आज कोई भी खेल हो देश की बेटियां मेडल प्राप्त कर रही है। सभी खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन करने की अपेक्षा करते हैं। आईसीडीएस निदेशक रश्मि कुमारी ने कहा कि बेगूसराय खेलों के क्षेत्र में अग्रणी रहा है।
खेलों के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करते हुए यहां के खिलाड़ियों ने भी बिहार सरकार की योजना मेडल लाओ नौकरी पाओ का लाभ प्राप्त किया है। आगत अतिथियों का स्वागत जिला खेल पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी ने प्रतीक चिन्ह देकर किया। मंच संचालन शारीरिक शिक्षक रंधीर कुमार ने किया।
जिला खेल पदाधिकारी ने बताया कि बिहार के नौ प्रमंडलों मुंगेर, दरभंगा, कोसी, पूर्णिया, पटना, तिरहुत, मगध, सारण, और भागलपुर सहित कबड्डी एकलव्य सेंटर बिहार के करीब कोहली साढ़े तीन सौ खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं।खिलाड़ियों के आवासन और भोजन की व्यवस्था ओमर बालिका उच्च विद्यालय विष्णुपुर में की गई है। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के द्वारा रेफरी की प्रतिनियुक्ति की गई है।
जिला खेल संयोजक विश्वजीत कुमार ने कहा कि यह प्रतियोगिता लीग कम नॉकआउट आधार पर खेली जा रही है। सभी टीमों को दो पूल में बांटा गया है। एक पूल में सभी टीमें एक दूसरे से मैच खेलेगी। दोनों पूल से दो-दो टीम में सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेगी।अंडर-14 में आज का उद्घाटन मैच मुंगेर प्रमंडल और दरभंगा प्रमंडल के बीच खेला गया। जिसमें मुंगेर ने दरभंगा को 34 के मुकाबले 13 अंक से हराया। जबकि, पटना ने तिरहुत को 27 के मुकाबले 17 अंक, कोसी ने भागलपुर को 35 के मुकाबले 22 अंक, सारण ने मगध को 37 के मुकाबले 9 अंक, दरभंगा ने पूर्णिया को 35 के मुकाबले 20 अंकों से हराया।
अंडर-17 के मुकाबले में मुंगेर ने दरभंगा को 38 के मुकाबले 8 अंक, तिरहुत ने पटना को 30 के मुकाबले 16 अंक, कोशी ने भागलपुर को 21 के मुकाबले 17 अंक, सारण ने मगध को 27 के मुकाबले 13 अंक से हराया। अंडर-19 के मैच में पटना ने तिरहुत को 47 के मुकाबले 41 अंक, सारण ने भागलपुर को 35 के मुकाबले 5 अंक, कोशी ने पूर्णियां को 28 के मुकाबले 6 अंक, मुंगेर ने दरभंगा को 43 के मुकाबले 13 अंक से हराया।
मौके पर अंतरराष्ट्रीय कबड्डी रेफरी राणा रणजीत सिंह, श्याम नंदन सिंह उर्फ पन्नालाल, प्रो कबड्डी के रेफरी सुभाष कुमार, अरुण कुमार, जयशंकर चौधरी, स्टेट पैनल के रेफरी मोनिका कुमारी, पवन कुमार, सेलेक्टर अंकिता कुमारी एवं नव्या कुमारी सहयोग कर रहे हैं। आयोजन को सफल बनाने में शारीरिक शिक्षक अरविंद कुमार, मणिकांत, शशिकांत कुमार, चिरंजीव ठाकुर, रौशन राय, शालिनी कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, बबिता कुमारी एवं पिंकी कुमारी एक्टिव हैं।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
