जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक युवक गिरा,प्लेटफॉर्म में फंसा; तोड़कर निकाली बॉडी
पटना।गयाजी रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह बड़ा हादसा हुआ। प्लेटफॉर्म नंबर-7 पर रांची जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक युवक गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई।मृतक की पहचान राकेश कुमार उर्फ पिंकू (46) के रूप में हुई है, जो गयाजी के कोतवाली थाना क्षेत्र के कुमार कॉलोनी का रहने वाला है। उसके पिता का नाम कामता प्रसाद है।
राकेश के शरीर का आधा हिस्सा पैर और कमर चलती ट्रेन के नीचे आ गया, जबकि बॉडी का उपरी हिस्सा प्लेटफॉर्म और ट्रैक के बीच अटक गया। इस दौरान युवक करीब 20 मिनट तक तड़पता रहा।उसके कमर के नीचे का हिस्सा घसीटने से खत्म हो गया। ट्रैक पर मांस के लोथड़े बिखर गए। काफी मशक्कत के बाद भी जब शव नहीं निकल पाया तो प्लेटफॉर्म की साइड की दीवार को तोड़ा गया।
इसके बाद कमर के ऊपर के हिस्से को बाहर निकाला गया। ट्रैक से मांस के लोथड़ों को पुलिस ने उठाया। इस दौरान जनशताब्दी एक्सप्रेस करीब 1 घंटे तक प्लेटफॉर्म पर खड़ी रही।
हादसे के बाद प्लेटफॉर्म पर लोगों की भीड़ लग गई। कई लोग हादसे को मोबाइल में कैद करते दिखे।ट्रेन में मौजूद प्रेम कुमार ने बताया कि, मैं पटना से अपने घर पहाड़पुर जा रहा था। गयाजी में जनशताब्दी कुछ देर के लिए रुकी थी, क्योंकि इंजन बदलना था। उसी दौरान ट्रेन ने हल्का झटका खाया। हादसे में मारे गए शख्स ट्रेन से उतरकर प्लेटफॉर्म पर बैठे थे। वह मेरी बोगी के बगल वाले में सफर कर रहे थे। ट्रेन खुलने की आशंका पर वह उठे और ट्रेन पर चढ़ने को बढ़े, लेकिन जब देखा ट्रेन स्थिर है तो फिर बैठ गए। थोड़ी देर बाद जैसे ही ट्रेन खुली, वो घबरा गए और दौड़कर ट्रेन पकड़ने लगे।
ट्रेन की रफ्तार धीरे-धीरे बढ़ रही थी, तभी उनका बैलेंस बिगड़ गया। वो फिसलकर प्लेटफॉर्म और चलती ट्रेन के बीच फंस गए। पूरा शरीर ट्रेन के साथ घूमने लगा। बहुत डरावना नजारा था। आसपास मौजूद कुछ पोलदार जो पार्सल का सामान उतार रहे थे, उन्होंने बचाने की कोशिश की, लेकिन कुछ नहीं कर पाए। पलभर में स्टेशन पर अफरातफरी मच गई।
किसी ने तुरंत चेन पुलिंग की, तब जाकर ट्रेन रुकी। जब सब भागकर पहुंचे तो वो मर चुके थे। उनका शरीर प्लेटफॉर्म के नीचे फंसा हुआ था। रेलवे पुलिस और जीआरपी आई। प्लेटफॉर्म तोड़ना पड़ा, तब जाकर उनकी बॉडी निकाली गई। नीचे पटरी पर उतरकर रेलकर्मी ने किसी तरह शव को बाहर धकेला। शरीर बुरी तरह ऐंठ गया था, बस ऊपर का हिस्सा दिख रहा था। बहुत ही भयावह दृश्य था।
एक घंटे तक स्टेशन पर खड़ी रही ट्रेन
शव ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच बुरी तरह फंसा हुआ था, जिसे निकालने के लिए रेलवे कर्मचारियों को प्लेटफॉर्म तोड़ना पड़ा। करीब 20 मिनट के प्रयास के बाद प्लेटफॉर्म तोड़ा जा सका।इसके बाद शव को बाहर निकाला गया। हादसे के कारण जनशताब्दी एक्सप्रेस करीब एक घंटे तक गयाजी स्टेशन पर खड़ी रही।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
