दलसिंहसराय:दोस्त का आया फोन तो घर से निकला शहनवाज,4 दिन बाद बलान नदी में मिला शव
दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के अजनौल पंचायत से गुजरने वाली बलान नदी में 19 अक्टूबर को मिले अज्ञात शव की पहचान सोमवार को सरदारगंज वार्ड संख्या 9 निवासी मो. आफताब के पुत्र मो. शहनवाज उर्फ सैफ (19) के रूप में हुई। स्वजनों ने शव की पहचान उसके कपड़ों से की।मृतक के पिता मो. आफताब ने बताया कि सैफ 15 अक्टूबर की शाम किसी दोस्त के फोन पर बुलाने के बाद घर से निकला था। देर रात तक लौटकर नहीं आने पर उसकी मां ने फोन किया, जिस पर सैफ ने जल्द घर आने की बात कही थी।
उसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया और सैफ घर नहीं लौटा। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद दलसिंहसराय थाना में उसकी गुमशुदगी की लिखित सूचना दी थी।उधर, 19 अक्टूबर की सुबह अजनौल पंचायत के वार्ड संख्या 8 में छठ घाट की सफाई के दौरान कुछ युवकों को नदी में जलकुंभी के बीच एक शव दिखाई दिया। ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक शव की उम्र लगभग 40 से 45 वर्ष बताई जा रही थी, और बदबू के कारण यह आशंका जताई गई कि मृत्यु तीन दिन पूर्व हुई होगी।20 अक्टूबर को मृतक के पिता जब समस्तीपुर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, तो उन्होंने कपड़ों के आधार पर शव को अपने बेटे सैफ के रूप में पहचान लिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मृतक की उम्र लगभग 19 वर्ष बताई गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मंगलवार की सुबह आक्रोशित लोगों ने सरदारगंज चौक के पास एनएच-28 को जाम कर दिया। लोगों ने युवक की हत्या कर शव को बलान नदी में फेंके जाने की आशंका जताई। थानाध्यक्ष मो. इरशाद आलम ने बताया कि मृतक के पिता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल निकालकर छानबीन कर रही है.
9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।
