ट्रेन से गिरकर युवक की मौत:अप लाइन किनारे से मिली लाश
पटना.दानापुर रेल मंडल के फतुहा स्टेशन के पास मंगलवार शाम ट्रेन से गिरकर एक 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई।मृतक की पहचान स्थानीय लोगों द्वारा थाना क्षेत्र के पीतांबरपुरा गांव निवासी स्व. वासू राय के बेटे राधेश्याम कुमार के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार, राधेश्याम कुमार मंगलवार सुबह किसी जरूरी काम से पटना गया था और शाम में वापस लौटते समय बाजार समिति के पास अज्ञात ट्रेन से गिरकर उसकी मौत हो गई। सुबह ग्रामीणों की नजर जब घटनास्थल पर पड़ी, तो उन्होंने तत्काल इसकी सूचना फतुहा रेल थाना को दी।
पुलिया के अप लाइन किनारे से लाश मिली
सूचना मिलते ही रेल थानाध्यक्ष मनोज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सैदपुर के पास पुलिया के अप लाइन किनारे से लाश मिली है। पुलिस ने शव को बरामद कर फतुहा रेल थाना ले आई। मृतक के परिजन भी सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। रेल पुलिस ने बताया कि बुधवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
मृतक राधेश्याम कुमार राजमिस्त्री का काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। इस आकस्मिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य के चले जाने से अब बच्चों के भविष्य पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। रेल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
