10 लाख रुपए के लिए विवाहिता की गला घोंटकर हत्या:गली में लाश फेंककर फरार
दरभंगा के अलीनगर में बुधवार को घर से मात्र 20 मीटर दूर एक गली में नवविवाहिता की लाश लावारिस हालत में पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, तो गांव के लोगों ने बताया कि महिला का नाम खुशबू देवी है, जो टीकापट्टी गांव के रहने वाले निरंजन लाल देव की पत्नी है। पुलिस तत्काल निरंजन के घर पहुंची, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने गांव के लोगों से खुशबू के मायके के घरवालों का मोबाइल नंबर लेकर उन्हें घटना की जानकारी दी। इसके साथ ही अलीनगर थाना के SHO विनय मिश्रा ने खुशबू की लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।
उधर, खुशबू की मौत की सूचना पर डीएमसीएच पहुंचे मृतका के नाना सोनकी थाना क्षेत्र के मेकना गांव के रहने वाले कमलेश लाल देव ने थाना में आवेदन देकर बताया कि मेरी नतिनी 22 साल की खुशबू देवी की हत्या की गई है। वारदात को खुशबू के पति 27 साल के निरंजन ने अपने परिवार के लोगों के साथ मिलकर अंजाम दिया है। उन्होंने आवेदन में ये भी लिखा कि मेरी नतिनी से निरंजन और उसके परिवार के लोग लगातार शादी के बाद से मारपीट कर रहे थे।नाना ने पुलिस को दिए गए आवेदन में खुशबू के पति निरंजन लाल देव, ससुर गणेश लाल देव, सास मीना देवी, देवर रवि लाल देव के साथ-साथ सोनकी थाना क्षेत्र के मेकना गांव के रहने वाले ननदोई ललन लाल देव और ननद संगीता देवी को आरोपी बताया है।
शादी के एक साल बाद से ही 10 लाख रुपए मांगने लगे
वहीं, मृतका की मां सुमंती देवी ने बताया कि मेरी बेटी खुशबू की शादी ढाई साल पहले हुई थी। शादी में हम लोगों ने बाइक, ज्वेलरी और कैश समेत करीब 9 लाख रुपए का सामान दहेज के रूप में दिया था। शादी के एक साल बाद से ही निरंजन और उसके घरवाले 10 लाख रुपए की मांग करने लगे। जब हम लोगों ने पैसे देने से इनकार किया और बताया कि हम लोग गरीब हैं, इतना पैसा नहीं दे सकते हैं, तो निरंजन और उसके परिवार के लोगों ने मेरी बेटी के साथ मारपीट शुरू कर दी, उसे तरह-तरह से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
सुमंती देवी ने बताया कि 10 दिन पहले ही मेरी बेटी के साथ बुरी तरह मारपीट की गई थी। जब हम लोगों को इसकी जानकारी हुई तो हम लोग अपनी बेटी के ससुराल पहुंचे, जिसके बाद निरंजन और उसके माता-पिता ने हम लोगों से अभद्र व्यवहार किया। उन्होंने बताया कि खुशबू मेरी सबसे बड़ी बेटी थी।
सुमंती देवी ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले मेरी बेटी को फोन पर बात करने नहीं देते थे। हम लोग जाते थे, तो मुलाकात भी नहीं करने देते थे। ढाई साल में एक बार भी बेटी को मायके नहीं भेजा था। सुमंती देवी ने कहा कि मेरी बेटी के पति निरंजन, ननद संजीता और अन्य ससुराल के लोग मिलकर खुशबू की हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि निरंजन कुछ करता भी नहीं था। वो शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहा था, इसके बावजूद धूमधाम से मैंने अपनी बेटी का हाथ उसके हाथों में सौंपा था।
नानी बोली- साड़ी के पल्लू से गला दबाकर मारा, गली में फेंकी लाश
मृतका की नानी हिना देवी ने बताया कि मेरी नतिनी की हत्या उसके पति निरंजन लाल देव, देवर रवि रंजन लालदेव और ननद संजीता देवी ने की है। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई साल से ससुराल वाले मेरी नतिनी से हम लोगों को मिलने नहीं देते थे।हिना देवी ने आरोप लगाया कि साड़ी के पल्लू से गला दबा कर मेरी नतिनी की हत्या की गई है। इसके बाद उसके लाश के पास जहर की शीशी रखी गई, ताकि लगे कि उसने जहर खाकर अपनी जान दी है। हिना देवी ने बताया कि हम लोगों के मेरी बेटी के एक रिश्तेदार ने ही कॉल कर सुबह 5 बजे घटना की जानकारी दी।वहीं, अलीनगर थाना के SHO विनय मिश्रा ने बताया कि लाश को जब्त करने से पहले हम लोग आरोपी के घर गए थे, लेकिन वे लोग फरार थे। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है, जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
