13 को मोरवा विधानसभा से नामांकन दाखिल करेंगे HAM नेता..
समस्तीपुर।राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी NDA के बीच सीट शेयरिंग का ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन इससे पहले हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा यानी HAM के नेता बीके सिंह ने समस्तीपुर के मोरवा विधानसभा सीट से नामांकन की घोषणा कर दी है। बुधवार को बीके सिंह ने कहा कि 13 अक्टूबर को मैं मोरवा विधान सभा से चुनाव लड़ूंगा, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष मांझी से मुझे अनुमति मिल चुकी है।
बीके सिंह ने कहा कि मैं एनडीए प्रत्याशी के रूप में नामांकन करूंगा। इसके साथ ही उन्होंने जदयू के पूर्व विधायक विद्यासागर सिंह निषाद पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने आम से अधिक संपत्ति का मामला भी उठाया है।
मोरवा से जदयू के पूर्व विधायक के खिलाफ कई कागजात भी दिखाए
मोरवा के चकलाल शाही स्थित पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने यहां से जदयू के पूर्व विधायक रहे विद्यासागर सिंह निषाद के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में कई कागजात भी पेश किए। उन्होंने कहा कि विद्यासागर ने साल 2015 में चुनाव आयोग के सामने जो हलफनामा दायर किया था, उसमें अपनी संपत्ति 4 लाख रुपए नगद बताई थी, लेकिन पांच साल बाद यानी 2020 में जब उन्होंने चुनाव के दौरान हलफनामा दायर किया, उसमें उनके बैंक अकाउंट में करीब 68 लाख के अलावा 70 से अधिक जमीन की रजिस्ट्री दिखाई गई थी।
बीके सिंह ने कहा कि पूर्व विधायक की संपत्ति 50 करोड़ से अधिक की हो गई है, आखिर उनके पास इतना पैसा कहां से आया। बीके सिंह ने दावा किया कि विद्यासागर के भ्रष्टाचार के कारण ही पिछली बार के विधानसभा चुनाव में मोरवा की जनता ने उन्हें चुनाव हराया था।
हम पार्टी के नेता ने ये भी कहा कि इस बार जदयू विद्यासागर को टिकट नहीं दे रही है, इसलिए मैं मोरवा विधानसभा सीट से एनडीए प्रत्याशी के रूप में चुनावी मैदान में उतरूंगा। उन्होंने कहा कि मैंने पूर्व विधायक के काले कारनामों की जानकारी और सभी कागजात जांच एजेंसियों को भेज चुका हूं और इसकी एक कॉपी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी भेजी है।
मोरवा विधानसभा में विकास का फॉर्मूला भी पेश किया
बीके सिंह ने कहा है कि इलाके में शिक्षा के प्रचार प्रसार के साथ ही लोगों को रोजगार भी मिले, इसके लिए कई योजना चलाएंगे। अगर विधायक बनता हूं तो विधायक के रूप में मिलने वाले वेतन को जनता पर खर्च करूंगा। यहां शिक्षण संस्थान खुलवाऊंगा। बड़े-बड़े कोचिंग संस्थानों को यहां लाऊंगा और बच्चों को निशुल्क शिक्षा दिलवाऊंगा। इसके साथ ही बड़ी कंपनियों को लाकर यहां के युवकों को रोजगार भी दिलाया जाएगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
