पटना-औरंगाबाद NH-139 की हालत खराब:गड्ढों में भरा बरसात का पानी, ट्रैक्टर पलटा
पटना से औरंगाबाद को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग NH-139 की स्थिति खराब हो गई है। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों में बारिश का पानी भर गया है। मंगलवार को एक बालू लदी ट्रैक्टर इन्हीं गड्ढों के कारण पलट गई। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक घायल हो गया। सूचना मिलते ही नौबतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर को गड्ढे से बाहर निकाला।
बिहटा सरमेरा पुल के पास सड़क खराब
नौबतपुर स्थित बिहटा सरमेरा पुल के पास सड़क की स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। मामूली बारिश में भी यहां पानी भर जाता है। गड्ढों में पानी भरने से वाहन चालकों को सड़क और गड्ढों में अंतर समझने में दिक्कत हो रही है।छोटे वाहन और बाइक सवार धीमी गति से चल रहे हैं। भारी वाहनों की वजह से सड़क किनारे लंबा जाम लग गया। पुल के दोनों तरफ वाहन रेंगते हुए चल रहे हैं और लोग घंटों जाम में फंसे रह रहे हैं।
लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं हुई
यह सड़क पटना, नौबतपुर, बिक्रम, अरवल, जहानाबाद होते हुए औरंगाबाद तक जाती है। इस मार्ग पर रोजाना हजारों वाहनों का आवागमन होता है। लंबे समय से सड़क की मरम्मत नहीं हुई है। बरसात में यह सड़क तालाब जैसी दिखती है और गड्ढों के कारण यात्रा खतरनाक हो जाती है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
