“समस्तीपुर सदर अस्पताल के एक्स-रे रूम में मिली युवती,जमकर हंगामा
समस्तीपुर.सदर अस्पताल स्थित ओपीडी में शनिवार की देर शाम जमकर हंगामा हुआ। हंगामे का कारण ओपीडी स्थित एक्स-रे रूम में एक कर्मी मरीजों का एक्स-रे करने के बजाय एक युवती को लेकर रूम का दरवाजा अंदर से बंद कर रखा हुआ था। एक्स-रे कराने के लिए खड़े मरीजों के द्वारा हल्ला करने और मीडिया कर्मियों के जुटने के बाद युवती ने खुद को कथित रूप से बाथरूम में अंदर से बंद कर लिया था। काफी हो-हल्ला होने के बाद और सुरक्षा कर्मियों के जुटने पर मरीज व उनके परिजन के साथ एक्स-रे रूम के कर्मी ने धक्का मुक्की भी किया और हाथापाई की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।
यह पूरा ड्रामा काफी देर चला और इस दौरान सदर अस्पताल के मैनेजर कहीं दिखाई नहीं दिए। वहीं, सूचना पर पहुंची नगर थाना पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई थी। हालांकि, मिली जानकारी के अनुसार, इस दौरान युवती वहां से निकल गई।
हालांकि, बताया गया कि युवती अपना रिपोर्ट लेने के लिए आई हुई थी। वहीं, सदर अस्पताल के डीएस डॉ गिरीश कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है और जांच उपरांत कार्रवाई की जाएगी। वहीं, नगर थानाध्यक्ष शिवकुमार यादव ने कहा कि दोनों पक्ष को आवेदन देने को कहा गया है। आवेदन के आधार पर जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।
