समस्तीपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने निकाली तिरंगा यात्रा:मंत्री ने तेजस्वी यादव को सत्ता का लोभी कहा..
समस्तीपुर में गुरुवार को 15 अगस्त से एक दिन पहले भाजपा कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्रा निकाली। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय भी तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति गीत बजते रहे। तिरंगा यात्रा के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज पूरे देश में भाजपा की ओर से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया है और भारत की विभाजन विभीषिका को लोग याद कर रहे हैं।
तिरंगा यात्रा के कारण शहर में कई घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। तिरंगा यात्रा को लेकर कर्पूरी सभागार में एक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लोगों ने विभाजन की विभीषिका को याद किया और भारत को दो टुकड़े करने वालों को खड़ी खोटी सुनाई।
लोगों ने कहा कि तत्कालीन कांग्रेस जनों ने निजी स्वार्थ के कारण भारत को दो टुकड़ों में बांट दिया। इस मौके पर भाजपा के विधायक विरेंद्र कुमार पासवान, राजेश कुमार सिंह, एमएलसी डॉ तरुण चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष नीलम साहनी, शशिधर झा समेत बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
नित्यानंद राय बोले- महागठबंधन में हलचल मची हुई है
नित्यानंद राय ने कहा कि अब तक महागठबंधन में मुख्यमंत्री कौन होगा, ये तय नहीं हो पाया है। राजद के लोग कांग्रेस का गुणगान कर रहे हैं। एनडीए में सब कुछ तय है। नीतीश कुमार के नेतृत्व में एक बार फिर बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि 2025 में 225 का लक्ष्य एनडीए पार करेगी।
नित्यानंद राय ने तेजस्वी यादव को सत्ता का लोभी, परिवारवादी, भ्रष्टाचारी बताया
महागठबंधन में भूचाल आया हुआ है। कांग्रेस के नेता ने कहा है कि बिहार में महागठबंधन का नेता कौन होगा, मुख्यमंत्री कौन बनेगा, ये जनता तय करेगी। इससे साफ है कि कांग्रेस ने तेजस्वी यादव को नकार दिया है। वैसे भी कांग्रेस और राजद की सरकार नहीं आने वाली है।
नित्यानंद राय ने कहा कि तेजस्वी यादव सत्ता के इतने लोभी हैं, इतने बड़े परिवारवादी हैं, इतने बड़े भ्रष्टाचारी हैं कि कांग्रेस की ओर से बार-बार तिरस्कार और अपमान के बाद भी सत्ता के लोभ में कांग्रेस की गोद में बैठकर लगातार कांग्रेस का भजन गा रहा हैं।केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने कहा तेजस्वी यादव ने मान सम्मान सबकुछ खो दिया है। बिहार अब विकास चाहता है, यहां एनडीए की सरकार बनेगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
