आज का मौसम:बिहार के 8 जिलों में मूसलाधार अलर्ट,10 नदियां उफान पर
Bihar Weather Today:पटना. बिहार में एक तरफ भारी बारिश का कहर जारी है. वहीं, दूसरी तरफ बाढ़ का पानी लोगों का सबकुछ बहा ले जा रहा है. बिहार में मॉनसून की सक्रियता के कारण हर जिले में लगातार भारी बारिश हो रही है. बिहार में गंगा समेत राज्य की 10 नदियां उफान पर हैं. पटना, भागलपुर, बेगूसराय समेत 7 जिले टापू बन चुके हैं. नवगछिया में 15 करोड़ की लागत से बना रिंग बांध का 70 फीसदी हिस्सा बह गया है. पटना के 7 प्रखंडों की 24 पंचायतें बाढ़ की चपेट में हैं. वहीं, बेगूसराय में 137 से अधिक स्कूलों को 14 अगस्त तक बंद कर दिया गया है. भागलपुर, बक्सर, और उत्तर पूर्वी भाग के जिलों की स्थिति भी काफी खराब है. बाढ़ की वजह से अब तक 11 लोगों की मौत की सूचना है.
बिहार में मूसलाधार बारिश का दौर जारी
IMD के अनुसार आज उत्तर बिहार के सभी जिलों के लिए खतरे की घंटी है.उत्तर बिहार के जिलों के लिए आज खतरे का दिन है. सुबह से देर रात तक सभी 19 जिलों में भीषण वर्षा होगी. सुपौल, अररिया, किशनगंज और पूर्णिया में बहुत ज्यादा भारी बारिश की चेतावनी है. जबकि कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण में आंधी के साथ भारी बारिश होगी. इसलिए उत्तर बिहार के सभी जिलों में ऑरेंज अलर्ट और पटना सहित दक्षिण बिहार के 19 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.
अभी भी है बारिश की कमी
मॉनसून के दौरान जितनी बारिश होनी चाहिए थी, उतनी बारिश पिछले कुछ दिनों में ही हो गई है. इसके बावजूद बिहार में अब तक 25 फीसदी कम बारिश हुई है. इस समय तक राज्य में 590.4 मिमी बारिश होनी चाहिए थी. जबकि अब तक केवल 444.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है. उत्तर बिहार के 8 जिलों में अब भी 50 प्रतिशत तक कम बारिश हुई है. हालांकि, जुलाई के आखिरी हफ्ते से अब तक अच्छी बारिश हो रही है.
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मॉनसून की द्रोणिका दरभंगा से होकर गुजर रही है. इसके अलावा बारिश करवाने वाले कई मौसमी सिस्टम एक्टिव हैं. इसलिए उत्तर बिहार खासकर हिमालय की तराई वाले जिलों और उत्तर पूर्वी भाग में अत्यधिक वर्षा का पूर्वानुमान है. अनुमान के अनुसार, 14 अगस्त तक इसका असर रहेगा. उसके बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है और नदियों का जलस्तर भी घट सकता है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
