डिजनीलैंड मेले में हादसा, ड्रैगन ट्रेन की बोगी टूटी:12 साल की बच्ची की मौत, 2 घायल हंगामा
पटना.भोजपुर के जगदीशपुर नगर के संत बराहना महिला कॉलेज के पीछे लगे डिजनीलैंड मेले में बड़ा हादसा हुआ है। ड्रैगन ट्रेन का बोगी टूटकर गिरने से नीचे खड़ी 12 साल की बच्ची की मौत हो गई। जबकि दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद इलाज में देरी और समय पर एम्बुलेंस नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। स्थिति को देखते हुए अस्पताल कर्मी फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान खपटहां रोड नट टोला निवासी मंटू नट की पुत्री नैना कुमारी(12) के तौर पर हुई है। 6वीं क्लास की छात्रा थी। जबकि घायलों में बिहिया थाना क्षेत्र के अमराई नवादा निवासी टिंकू नट की पुत्री ट्विंकल कुमारी(5) और चरपोखरी गांव निवासी दीपू नट की पत्नी रीमा कुमारी(28) समेत अन्य लोग शामिल है।
राखी बांधने के बाद मेला घूमने गई थी
मृतका की बहन प्रिया कुमारी ने बताया कि रक्षाबंधन के दिन मेरी बहन काफी खुश थी। हाथों में मेंहदी, नया कपड़ा पहनकर पहले भाई प्रिंस को राखी बांधी। फिर अपने चचेरे भाइयों को राखी बांधने के बाद हमलोग डिजनीलैंड मेला में घूमने गए थे। ड्रैगन ट्रेन को बाहर खड़ा होकर देख रहे थे। बहन बोल रही थी कि काफी तेज चला रहा है। इसी बीच एक बोगी टूटकर नीचे तीन चार लोगों पर आ गिरा। जिसमें नैना की मौत हो गई।
जानबूझकर बच्ची को मार दिया
नैना के पिता मंटू नट ने इलाज देरी और ऑन ड्यूटी चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया गया है। उन्होंने कहा कि मेरी बेटी जख्मी थी। तुरंत उसे इलाज के लिए जगदीशपुर रेफरल अस्पताल में लाया गया। दो घंटा एंबुलेंस को आने में लगा है। बिना इलाज किए डॉक्टर भाग गया है। जिसके कारण आज मेरी बेटी की जान चली गई है। आधा घंटा वो जिंदा थी। जितना देरी यहां किया है, उतना देर में बेटी पटना चली जाती। जानबूझकर मार दिया गया है।घायल ट्विंकल की नानी चंद्रावती देवी ने बताया कि उसकी बेटी रीमा और नतनी रक्षाबंधन में घर खपटहां आई थी। सभी लोग मेला घूमने गए थे। तभी यह हादसा हुआ है। नतनी और बेटी के सिर में चोटें आई है। प्राइवेट अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। सब मेला प्रबंधक की गलती है।
जगदीशपुर थाना में पदस्थापित दरोगा रूप नारायण राय ने बताया कि बच्चियां मेला घूमने गई थी। तभी ड्रैगन ट्रेन टूटकर गिर गया। एक बच्ची की मौत हुई है। दो अन्य लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।
लापरवाही के चलते हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक रक्षाबंधन और 15 अगस्त को लेकर एक सप्ताह पूर्व डिजनीलैंड मेले का उद्घाटन किया गया था। जिसमें मानक को नजरअंदाज कर मेला चलाया जा रहा था। ड्रैगन ट्रेन की स्थिति काफी खराब थी। जिसके कारण 5वें नंबर की बोगी ज्वाइंट से टूटकर बीस मीटर दूर जा गिरा है। इस हादसे में एक बच्ची की जान चली गई। नैना घर में सबसे छोटी थी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
