बछवाड़ा में बाढ़ पीड़ितों का प्रदर्शन:आश्रय स्थल की जानकारी न देने से नाराज,आंदोलन..
बेगूसराय के बछवाड़ा प्रखंड मुख्यालय स्थित मनरेगा कार्यालय पर शुक्रवार को गंगा-बाया नदी के बढ़ते जलस्तर से प्रभावित दर्जनों लोगों ने प्रदर्शन किया। पशुओं के साथ पहुंचे बाढ़ पीड़ितों ने कार्यालय का घेराव कर अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की।
विकासशील इंसान पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष रवि कुंवर के नेतृत्व में बाढ़ पीड़ितों ने अपनी समस्याएं बताईं। चंद्रिका राय,भुल्लू पासवान,बुधन महतो समेत अन्य पीड़ितों ने कहा कि एक तरफ गंगा के बढ़ते जलस्तर से वे तबाह हैं। दूसरी तरफ उन्हें प्रखंड मुख्यालय परिसर से हटाने की धमकी दी जा रही है।प्रदर्शनकारियों ने बताया कि मनरेगा के तहत रानी एक पंचायत में पंचायत समिति पूजा कुमारी द्वारा बाढ़ आश्रय स्थल का निर्माण कराया गया था। लेकिन धरातल पर इस आश्रय स्थल का कोई पता नहीं है। इसी कारण दर्जनों लोग अपने मवेशियों के साथ प्रखंड मुख्यालय परिसर में रहने को मजबूर हैं।
बाढ़ पीड़ितों ने बताया कि विपदा की इस घड़ी में उनके लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई है। प्रखंड मुख्यालय परिसर में लगी पानी टंकी भी कई दिनों से बंद है। इससे उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रात में अंधेरे में मवेशियों के साथ रहना पड़ता है। न बिजली की सुविधा है, न मवेशियों के लिए चारे की व्यवस्था है।प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर बिना किसी व्यवस्था के उन्हें प्रखंड मुख्यालय परिसर से हटाया गया तो वे उग्र आंदोलन करेंगे।
इस संबंध में कार्यक्रम पदाधिकारी सुबोध कुमार ने स्वीकार किया कि रानी एक पंचायत में बने बाढ़ आश्रय स्थल की उन्हें जानकारी नहीं है। जबकि पंचायत समिति पूजा कुमारी द्वारा लाखों रुपए की लागत से रानी एक पंचायत और अरबा सीमांकन एवं ONS चिमनी के पास मनरेगा से बाढ़ आश्रय स्थल का निर्माण कराया गया। परंतु कार्यक्रम पदाधिकारी को जानकारी नहीं है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
