कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए राहुल-प्रियंका सासाराम से पटना तक करेंगे मार्च
पटना.कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए विधानसभा चुनाव से पहले सासाराम से पटना तक मार्च करेंगे। इस मार्च में तेजस्वी यादव समेत गठबंधन के दूसरे घटक दलों के नेता भी शामिल रहेंगे।
हालांकि, यात्रा का रूट और तारीख को अंतिम रूप देना अभी बाकी है। दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय से पार्टी कार्यकर्ताओं की एक बड़ी पलटन तैयारी के लिए सासाराम पहुंच चुकी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम 29 जुलाई यानी मंगलवार को सासाराम जाकर तैयारियों का जायजा ले चुके हैं। कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि 9-10 अगस्त को मार्च की शुरुआत करने का प्रस्ताव कांग्रेस मुख्यालय को भेजा गया है।
वहीं से फाइनल डेट आएगा और मार्च का स्वरूप तय कर भेजा जाएगा। अभी तक मार्च को कुछ दूरी तक पदयात्रा और कुछ दूरी तक वाहनों के जरिए तय करने की रूपरेखा बनाई गई है। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी की पदयात्रा की तैयारी सासाराम के तुतला भवानी मंदिर से गयाजी तक के लिए की जा रही है। हालांकि, कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि दिल्ली से आई टीम यात्रा की शुरुआत के लिए कुछ दूसरे स्थानों के विकल्प पर विचार कर रही है। प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने सासाराम के आसपास कुछ और स्थल राहुल गांधी के सहयोगियों को दिखाए हैं।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
