एम्स से दीघा तक फोरलेन एलिवेटेड रोड बनेगा, 1368 करोड़ होंगे खर्च
पटना एम्स से दीघा रेल सह सड़क पुल के पटना छोर तक दो लेन की सड़क और फोरलेन एलिवेटेड रोड बनेगा। इसके अलावा दीघा से अशोक राजपथ को जोड़ने के लिए भी अतिरिक्त सड़क बनेगी। इस पूरी परियोजना पर 1368.46 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इससे जेपी गंगा पथ, एम्स और दीघा क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा।
मंगलवार को कैबिनेट की बैठक में इसे मंजूरी दी गई। इसके साथ ही बेली रोड पर लोहिया पथचक्र के साथ कुछ और सुविधाओं के विस्तार के लिए 675 करोड़ 50 लाख 70 हजार की मंजूरी दी गई है। इससे बेली रोड पर ट्रैफिक जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी। मेट्रो निर्माण को फायर ब्रिगेड की चेकलिस्ट में शामिल करने के लिए भी बिहार अग्निशमन नियमावली में संशोधन किया गया।