“बिहार में कारोबारियों ने कहा-घटना का सीधा प्रभाव व्यापार और औद्योगिक वातावरण पर पड़ेगा
पटना.बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या पर संवेदना और चिंता जताई है। अध्यक्ष केपीएस केशरी ने कहा कि वे अच्छे स्वभाव के थे। उनका किसी से कोई झगड़ा या मतभेद होना संभव नहीं है। हत्या का कोई आर्थिक कारण होगा। इस तरह की घटना का सीधा प्रभाव राज्य के व्यापार और औद्योगिक वातावरण पर पड़ेगा।
इस मामले को लेकर एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल मुख्य सचिव और डीजीपी से मिला। उन्हें उद्योग और व्यापार जगत की चिंता से अवगत कराया। अपराधियों की पहचान कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मामले की सुनवाई करा दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की। बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने भी उनकी हत्या पर चिंता व्यक्त की। अध्यक्ष सुभाष कुमार पटवारी ने कहा कि गांधी मैदान जैसे घनी आबादी वाले स्थान पर हत्या पुलिस-प्रशासन को खुली चुनौती है।
ऐसी घटना का प्रभाव राज्य के औद्योगिकीकरण पर पड़ेगा। चैंबर ने राज्य का माहौल खराब करने वाले असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने और इस हत्याकांड में संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की। बिहार राज्य खाद्यान्न व्यवसायी संघ के प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक डॉ. संजीव चौरसिया और प्रदेश महामंत्री नवीन कुमार ने भी हत्या की कड़ी निंदा की। चौरसिया ने खेमका के आवास पर जाकर परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने सरकार से मांग की कि घटना में संलिप्त अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए ताकि व्यवसायी भयमुक्त वातावरण में कारोबार कर सकें।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
