Begusarai

बेगूसराय सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत, 3 जख्मी:गंगा स्नान करने जा रहा था IRB जवान

बेगूसराय में NH-31 फोरलेन पर आज एक बेकाबू कार की बाइक और टेंपो से टक्कर हो गई। इससे ऑटो सवार मां-बेटा की मौत हो गई। जबकि 2 बाइक सवार सहित तीन लोग घायल हो गए, जिनका इलाज चल रहा है। घटना साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में हीरा टोल जीरोमाइल के पास की है।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मृतक की पहचान सुपौल के बरैव निवासी अशोक सिंह के बेटे मनीष कुमार (32) और मनीष कुमार की मां सरोज देवी (55) के रूप में की गई है।सुपौल जिला के बरैव निवासी अशोक सिंह का इकलौता बेटा मनीष कुमार इंडिया रिजर्व बटालियन (IRB) में कार्यरत और झारखंड के पलामू में पोस्टेड था। वह एक सप्ताह पहले 20 दिन की छुट्टी लेकर घर आया था। आज अपनी मां सरोज देवी, पत्नी नीतू कुमारी, बेटा किशन कुमार और शिवाज कुमार के साथ गंगा स्नान के लिए घर से निकले थे।

 

ऑटो से मुंगेर घाट जा रहे थे सभी

 

मानसी में ट्रेन से उतरकर सभी लोग एक ऑटो से मुंगेर घाट जा रहे थे। हीरा टोल जीरोमाइल के पास खगड़िया की ओर से तेज गति से आ रहे एक कार चालक ने विपरीत दिशा से आ रहे एक बाइक में ठोकर मारते हुए ऑटो में भी टक्कर मार दी। जिससे बाइक चकनाचूर हो गया, टक्कर इतना भीषण था कि बाइक सवार एक युवक उछलकर कार की छत पर गिर गया।

 

जबकि, बाइक सवार दूसरा युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। कार की ठोकर में टैंपो पलटने से उस पर सवार मनीष कुमार, उसकी मां सरोज देवी और पत्नी नीतू देवी घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने सभी घायलों को उठाकर स्थानीय हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों घायल को बेगूसराय रेफर कर दिया गया।

 

बाइक सवार 2 लोग जख्मी

 

जहां इलाज के दौरान झारखंड पुलिस के जवान मनीष कुमार व उसकी मां सरोज देवी की मौत हो गई। बाइक सवार खगड़िया जिला के भदास निवासी भूषण प्रसाद सिंह के बेटे दिवाकर कुमार और रामविलास सिंह का बेटा दिलखुश कुमार का इलाज चल रहा है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

 

मनीष कुमार की पत्नी को दोनों बेटे के साथ घर भेज दिया गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने मौके पर ही कार चालक खगड़िया जिला के गंगौर थाना क्षेत्र के ओलापुर निवासी स्व. लक्ष्मीनारायण सिंह का बेटा सम्पत कुमार को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया है। थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि वाहन को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

error: Content is protected !!