छपरा में 2 कारोबारियों की गोली मारकर हत्या:शोरूम बंद कर घर लौट रहे थे
पटना।छपरा में मंगलवार देर रात अपराधियों ने शहर में सरेआम एक बड़े व्यवसायी और उनके दोस्त की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी।मृतकों की पहचान उमा नगर, मुफस्सिलथाना क्षेत्र निवासी अमरेंद्र कुमार सिंह (45) और उनके और दोस्त शंभू नाथ सिंह (निवासी इसुआपुर) के रूप में हुई है।
अमरेंद्र सिंह छपरा में गोदरेज का शोरूम चलाते थे।
घटना रात 8 बजे तब घटी जब अमरेंद्र सिंह अपने दोस्त के साथ गोदरेज शोरूम से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे प्रभुनाथ नगर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं।अचानक गोलियों की आवाज से पूरा इलाका थर्रा उठा और स्थानीय लोग मौके की ओर दौड़ पड़े।उधर, परिजन भी तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों को गंभीर हालत में छपरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. हरेंद्र कुमार ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही भगवान बाजार थाना अध्यक्ष सुभाष कुमार सिंह, नगर थाना अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह और सदर DSP राजकिशोर सिंह मौके पर पहुंचे।पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत की और घटना के बारे में जानकारी ली। इस दौरान आसपास के इलाके की घेराबंदी कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है।
पुलिस इस जघन्य हत्याकांड को लेकर सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है, हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हत्या के पीछे कारण क्या है।पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगालने और तकनीकी सहायता के जरिए अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
शवों को एंबुलेंस से पटना ले गए
डॉक्टर की मौत की पुष्टि के बाद भी परिजन इस बात को स्वीकार करने को तैयार नहीं थे। उन्होंने शवों को ईसीजी टेस्ट के लिए भेजा, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन ने मृत्यु प्रमाणपत्र जारी कर दिया।इसके बावजूद परिजन बेहतर इलाज की उम्मीद में शवों को एंबुलेंस से लेकर पटना की ओर रवाना हो गए। घटना के बाद से ही पूरे शहर में दहशत का माहौल है और आम लोगों में गहरी नाराजगी देखी जा रही है।
व्यवसायी के साथ रोटरी के अध्यक्ष भी थे अमरेंद्र
अमरेंद्र सिंह न केवल एक व्यवसायी थे, बल्कि समाज सेवी भी थे। बीते 15 सालों से वे रोटरी क्लब के अध्यक्ष और सचिव पदों की जिम्मेदारियां निभा रहे थे। बताया जा रहा है कि कोरोना काल में भी उन्होंने लोगों की मदद की थी। अमरेंद्र मेयर का चुनाव भी लड़ चुके थे।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
