Patna

पटना में 10 लाख रुपयों की साइबर ठगी,KYC, बिजली बिल अपडेट कराने के नाम पर फ्राॅड

पटना में इन दिनों साइबर फ्रॉड के मामले बढ़ रहे हैं। साइबर क्रिमिनल लोगों को अलग-अलग तरीकों से फंसाते हैं फिर उनके पैसे उड़ा लेते हैं। पटना जिले में एक साथ सात मामले दर्ज किए गए हैं। शातिरों ने लोगों के 10 लाख 53 हजार रुपए ठग लिए। लोगों के आवेदन के आधार पर साइबर थाना पटना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

पटना साइबर थाना में जिले के अलग-अलग जगहों से 7 लोगों ने अपने साथ हुए फ्रॉड की जानकारी देते हुए मामला दर्ज कराया है। पीड़ितों के साथ अलग-अलग तरीके से फ्रॉड हुआ है।

 

केस-1

 

पीएम किसान सुखाड़ योजना के नाम पर ठगी

 

पालीगंज के रहने वाले विजय कुमार को शातिरों ने सरकारी योजना के नाम पर ठगी का शिकार बनाया है। शातिरों ने विजय को फोन किया और कहा कि आपके नाम से पीएम किसान सुखाड़ योजना की राशि आवंटित हुई है। इसको आपको भेजने के लिए हमें आपका का बैंक डिटेल चाहिए। खाता की जानकारी देते ही शातिरों ने विजय के खाते से 36 हजार रुपए निकाल लिए। उसके बाद से उस नंबर पर बात नहीं हो रही। फोन भी लग रहा है।

 

केस-2

 

जीमेल अकाउंट का केवाईसी कराने के नाम पर ठगी

 

बिहटा के रहने वाले विनोद कुमार सिन्हा ने साइबर थाने में मामला दर्ज कराया है। विनोद ने आवेदन में बताया है कि शातिरों ने उन्हें फोन किया और कहा कि आपको जीमेल अकाउंट का केवाईसी कराना होगा, अगर केवाईसी नहीं होगा तो अकाउंट तत्काल बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद शातिरों ने झांसा देकर विनोद से खाता और क्रेडिट कार्ड का नंबर पूछ लिया। इसके बाद शातिरों ने खाते से आठ बार में 4 लाख 87 हजार रुपए निकाल लिए।

 

केस 3

 

मकई खरीदने के नाम पर ठगी

 

पटना के कदमकुआं के रहने वाले कुमार सुमन से शातिरों ने एक लाख रुपए ठग लिया। कुमार सुमन मकई का व्यवसाय करते हैं। शातिरों ने सुमन से चार ट्रक मकई देने का झांसा देकर एक लाख रुपए मंगा लिए। एक एप के माध्यम से शातिर सुमन के संपर्क में आए थे। शातिरों ने झांसा दिया कि हम आपको सस्ता और अच्छा मकई आगे भी दिलाएंगे। इसके बाद चार ट्रक मकई देने के नाम पर ऑनलाइन माध्यम से एडवांस में एक लाख रुपया ले लिया और गायब हो गए। अब उनका नंबर बंद है।

 

केस 4

 

सस्ते टाइल्स के नाम पर ठगी

 

अनीसाबाद के रहने वाले कुश कुमार के साथ शातिरों ने सस्ता टाइल्स देने के नाम पर खाते से 48 हजार रुपए उड़ा लिए। कुश ने अपने आवेदन में लिखा है कि वो घर में टाइल्स लगाने के लिए ऑनलाइन टाइल्स देख रहा था। मुझे एक दिन बाद फोन आया। शातिरों ने कहा कि हम होलसेल रेट पर टाइल्स बेचते हैं। हम सबसे सस्ते और अच्छे टाइल्स देते हैं। शातिरों ने कहा कि आप पसंद कीजिए हम सैंपल के लिए एक पीस आपको भेज देंगे। आपको बस कुरियर चार्ज देना होगा। मैंने एक टाइल्स पसंद किया। उन लोगों ने बताया कि आपका पार्सल पैक हो गया है। आप 470 रुपए पे कर दीजिए। मैने उनको बताया कि यूपीआई पर भेज दिया है। फिर फोन आया कि आपसे सिर्फ 310 रुपया लेना था आप अपना यूपीआई डिटेल भेजिए। मैने भेज दिया। इसके बाद मेरे खाते से 48 हजार रुपए निकाल लिए गए।

 

केस 5

 

शेयर में मुनाफा के नाम पर ठगी

 

बहादुरपुर हाउसिंग कालोनी के रहने वाले अभिषेक राज ने बताया कि शातिरों ने फोन किया। मैं शेयर में थोड़े बहुत पैसे लगाता था। उन लोगों ने कहा कि आप हमारे थ्रू पैसा लगाएं हम अच्छा रिटर्न देंगे। मैंने मना कर दिया। फिर फोन आया कहा कि आपका अकाउंट हमने बना दिया है। आपके नाम पर हमने 1000 रुपए लगाया था। एक दिन में वो 1200 रुपया हो गया। अगर आप चाहे तो अपना 200 निकाल सकते हैं। मैने सोच निकाल लेते हैं ताकि सही-गलत का पता चले। मुझे एक फॉर्म भेजा गया। मैने जैसे ही उसमें अपना और अपना बैंक का डिटेल डाला मेरे खाते से 1 लाख 27 हजार रुपए निकाल लिए गए।

 

केस 6

 

सस्ते ब्यूटी प्रोडक्ट के नाम पर ठगी

 

नासिरीगंज की रहने वाली रंभा कुमारी से 2 लाख रुपए का साइबर फ्रॉड हुआ है। रंभा कुमारी को मैसेज आया कि नाइक का प्रोडक्ट 70 परसेंट डिस्काउंट पर मिल रहा है। रंभा ने 1200 रूपए का समान ऑर्डर कर दिया। पैसा भी भेज दिया। फिर 30 परसेंट पैसा वापस करने के नाम पर बैंक डिटेल लेकर खाते से शातिरों ने पैसा उड़ा लिया है।

 

केस 7

 

बिजली बिल अपडेट करने के नाम पर ठगी

 

गुलजारबाग के रहने वाले राजेश कुमार के खाता से 55 हजार रुपए की ठगी की गई है। राजेश ने बताया कि फोन आया कि आपका मीटर का बैलेंस खत्म हो गया है। मैंने कहा कि कल ही मैंने पैसा जमा किया है। शातिरों ने कहा कि आप बिल हमें भेजिए। मैंने बिल भेज दिया। उधर से कहा गया कि आपका पैसा जमा है, लेकिन सिस्टम में अपडेट नहीं किया गया है। या तो आप यहां आकर खुद करा लें। या हमें यहां से भी कर सकते हैं। आपको इसका चार्ज 10 रुपया देना होगा। जैसे ही पैसा उनको भेजा मेरे खाते से पैसा कट गया। जिसके बाद ऑनलाइन साइबर थाने में शिकायत की।

Kunal Gupta

9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।

error: Content is protected !!