DalsinghsaraiSamastipur

विद्यापतिनगर प्रमुख व उप प्रमुख की कुर्सी छिनी,13 सदस्यों की सहमति से अविश्वास प्रस्ताव पारित,राजनीतिक पारा चरम पर

Dalsinghsarai news;विद्यापतिनगर ।समस्तीपुर जिले में इन दिनों त्रिस्तरीय पंचायत सरकार में शह-मात का खेल जारी है। प्रमुख,उप प्रमुख से लेकर उप मुखिया की कुर्सी के लिए रस्साकशी चल रही है। पदधारी सीट बचाने में जुटे हैं तो असहमत सदस्य कुर्सी गिराने के लिए कंपकंपाती ठंड में राजनीतिक चौकड़ी करने में जुटे हैं। शह और मात के खेल में सोमवार को पंचायत समिति भवन के सभागार में अविश्वास प्रस्ताव को लेकर विशेष बैठक हुई। बैठक में चर्चा के बाद हुए मत विभाजन में प्रखंड प्रमुख व उपप्रमुख की कुर्सी छिन गयी। जिससे कड़ाके की ठंढ के बीच प्रखंड का राजनीतिक पारा चरम पर है। प्रखंड प्रमुख व उपप्रमुख पर लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को लेकर पंचायत समिति भवन के सभागार में सोमवार को पंसस की विशेष बैठक आहूत की गई। जिसमें 21 सदस्यीय पंचायत समिति में से 16 सदस्यों ने भाग लिया। 

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

हरपुर बोचहा के पंसस राम लखन साह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सर्वप्रथम उपस्थित सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव के विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा आरंभ की। पंसस शंभू राम ने सदन में प्रमुख रूबी कुमारी व उप प्रमुख मृत्युंजय कुमार के कार्यकलापों की चर्चा करते हुए कहा कि पंसस के साथ प्रमुख व उप प्रमुख सौतेलापन रवैया अख्तियार कर योजनाओं में धांधली करते रहे हैं। पंसस विवेक कुमार,गीता देवी,कृष्णा देवी , कुमारी अर्चना, मनीषा कुमारी आदि ने कहा कि प्रमुख व उप प्रमुख द्वारा पूर्व के वित्तीय वर्ष का लेखा-जोखा सदन में पेश नहीं किया जाना, सदन को बिना बताएं बिहार सरकार द्धारा आवंटित विशेष योजना की राशि को विभिन्न मदों में खर्च कर बिना सदन में चर्चा के ही विभिन्न समिति का गठन व विस्तार कर पंचायत समिति की योजनाओं को मनमाने ढंग से क्रियान्वित किया गया। 15 वीं वित्त व अन्य सरकारी राशि का खर्च सरकारी मार्ग दर्शन के विरुद्ध हुआ है। पंचायत समिति की राशि का समानुपातिक खर्च नहीं किया गया। ससमय पंचायत समिति की बैठक का आयोजन नहीं किया जाता है।

 

 

पंचायत समिति स्तर से संचालित होने वाली योजनाओं में पारदर्शिता का अभाव,पंचायत समिति से गठित समितियों के कार्यों में बाधा उत्पन्न करने सहित अन्य आरोपों पर विस्तृत चर्चा की। चर्चा के उपरांत सदन में उपस्थित सदस्यों ने प्रस्ताव पर मत विभाजन की मांग की। पर्यवेक्षक सह एसडीओ प्रियंका कुमारी व कार्यपालक पदाधिकारी सह बीडीओ महताब अंसारी की उपस्थिति में हुए मत विभाजन में उप प्रमुख मृत्युंजय कुमार, सिकन्दर कुंवर व रामदेव राय ने शामिल होने से इंकार कर दिया। प्रमुख व उप प्रमुख पर लगाए गए अविश्वास प्रस्ताव हेतु कराए गए मत विभाजन की प्रक्रिया के दौरान सदन में उपस्थित कृष्णा देवी के समर्थक सभी 13 पंसस ने बहुमत से सहमति जताते हुए अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में मतदान कर प्रमुख रूबी कुमारी व उप प्रमुख मृत्युंजय कुमार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित कर कुर्सी से बेदखल कर दिया।

 

 

मतदान में कृष्णा देवी, शंभू राम, गीता देवी,विवेकानंद राम, मनीषा कुमारी, राजकुमार दास, अमृता कुमारी, रामलखन साह, उमा पासवान,नसीम आलम, पूर्व प्रमुख कुमारी अर्चना,पूजा कुमारी, उमेश शर्मा शामिल हुई। मौके पर दंडाधिकारी सह प्रोन्नत डीसीएलआर सीओ अजय कुमार, एसएचओ फिरोज आलम, एसआई प्रमोद कुमार रंजन आदि मौजूद रहे। सूत्रों की मानें तो प्रमुख व उप प्रमुख की कुर्सी छिनने के बाद प्रमुख पद की दावेदार बाजिदपुर की पंसस कृष्णा देवी के समर्थन में बिहार किसान यूनियन के संयोजक सह पैक्स अध्यक्ष कुणाल कुमार तेरह सदस्यों के साथ मुखर गोलबंदी कर राजनीतिक माहौल में गर्माहट ला दिया है।

Kunal Gupta

9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।

error: Content is protected !!