New To IndiaPatna

जम्मू-कश्मीर में जान गंवाने वाले अग्निवीर को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ नहीं मिलने पर बहस तेज,आई सेना की सफाई

नई दिल्ली।पंजाब में विपक्षी दलों ने 11 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर में जान गंवाने वाले अग्निवीर अमृतपाल सिंह के अंतिम संस्कार के दौरान सेना द्वारा ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ नहीं दिए जाने पर शनिवार को दुख व्यक्त किया. हालांकि, सेना ने एक बयान में कहा कि सिंह की मौत खुद को गोली मार लेने के कारण हुई थी, इसलिए मौजूदा नीति के अनुसार उन्हें कोई ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ नहीं दिया गया या सैन्य अत्येष्टि नहीं की गई. सेना ने बयान में कहा कि एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में अग्निवीर अमृतपाल सिंह ने राजौरी सेक्टर में संतरी ड्यूटी के दौरान खुद को गोली मार ली जिससे उनकी मौत हो गई. अधिक विवरण सुनिश्चित करने के लिए ‘कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी’ जारी है.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

बयान में कहा गया है कि सिंह के पार्थिव शरीर को एक जूनियर कमीशंड अधिकारी और चार अन्य रैंकों के साथ अग्निवीर की इकाई द्वारा किराए पर ली गई एक असैन्य एम्बुलेंस में ले जाया गया. बयान के अनुसार, उनके साथ आए सेना के जवान भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए.

 

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी कहा कि उनकी सरकार इस मामले को लेकर केंद्र के समक्ष कड़ा प्रतिरोध जताएगी. मान ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि सिंह की शहादत को लेकर सेना की जो भी नीति हो, लेकिन एक शहीद के लिए उनकी सरकार की नीति वही रहेगी और राज्य की नीति के अनुसार सैनिक के परिवार को एक करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी. उन्होंने कहा कि अमृतपाल सिंह देश के शहीद हैं. पुंछ सेक्टर में जम्मू-कश्मीर राइफल्स की एक बटालियन में कार्यरत अमृतपाल सिंह का शुक्रवार को पंजाब के मानसा जिले में उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया गया.

 

 

शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि वह यह जानकर स्तब्ध हैं कि सिंह का अंतिम संस्कार सैन्य ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ के बिना किया गया. उन्होंने मामले में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से हस्तक्षेप की मांग करते हुए सभी शहीद सैनिकों को सैन्य सम्मान देने के लिए आवश्यक निर्देश देने की मांग की.

 

हरसिमरत कौर बादल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘यह जानकर स्तब्ध हूं कि जम्मू-कश्मीर के पुंछ में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए अग्निवीर अमृतपाल सिंह का सेना के ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ के बिना अंतिम संस्कार किया गया और यहां तक कि उनका परिवार एक निजी एम्बुलेंस में उनके पार्थिव शरीर को मानसा में उनके पैतृक गांव लेकर आया.’

Kunal Gupta

9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।

error: Content is protected !!