बिहार के हाजीपुर में बच्चा चोर समझ पीटने लगे लोग, बोला- मत मारो, मैं तो गैंगरेप का आरोपी हूं..
हाजीपुर: जंदाहा थाना क्षेत्र में तीन दिन पहले हुए गैंगरेप के मामले में बुधवार को एक आरोपी को पकड़ा गया है. वह 20 किलोमीटर दूर महुआ थाना के एक गांव में मुंह बांधकर घूम रहा था. इस दौरान गांव के लोगों ने बच्चा चोर समझकर पकड़ लिया. वहीं किसी को लगा कि वह मोबाइल चोर हो सकता है. पिटाई होने लगी तो लड़के ने खुद ही कहा कि उसे छोड़ दिया जाए वह चोर नहीं है बल्कि जंदाहा में हुए गैंगरेप का आरोपित है.
इस मामले में अब तक कुल तीन आरोपितों को पकड़ा गया है. एसआईटी की छापेमारी जारी है. एक आरोपित को गांव के लोगों ने पकड़ लिया तो वहीं दो और की अलग-अलग जगहों से छापेमारी कर गिरफ्तारी की गई है. एक ग्रामीण ने बताया कि लड़के को पकड़ा गया और चोर समझकर पीटा गया तो उसने खुद बताया कि वो रेप का आरोपी है. वह मुंह बांध कर जा रहा था. लोगों को शक हुआ कि बच्चा चोर है कि मोबाइल चोर है तब पकड़ा गया.
13 साल की बच्ची से हुआ था गैंगरेप
तीन दिन पहले हाजीपुर से जंदाहा थाना क्षेत्र में 13 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया गया था. उसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया गया था. इस मामले में एसडीपीओ पूनम केसरी ने बताया कि जो वीडियो वायरल है, उनमें से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है. आगे इस मामले में एक और आरोपित को गिरफ्तार करने के लिए एसआईटी छापेमारी कर रही है.
9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।
