समस्तीपुर:आंगनबाड़ी केन्द्र की जांच के दौरान हंगामा, सीडीपीओ से बदसलूकी..
पूसा प्रखंड के ठहरा पंचायत के पातेपुर गांव स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र की जांच के दौरान जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान जांच करने गयी सीडीपीओ से हंगामा करने वालों ने बदसलूकी भी की। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को सीडीपीओ शशिकला सिंह एवं पर्यवेक्षिका ममता कुमारी आंगनबाड़ी केन्द्र संख्या 53 की जांच करने गयी थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जांच के दौरान सीडीपीओ एवं सेविका पति व उनके समर्थन में जुटे ग्रामीणों में तीखी नोक-झोंक के बाद धक्का-मुक्की होने लगी। इससे अफरातफरी मची रही। घंटो बाद मामला शांत हुआ।
इस संबंध में सीडीपीओ ने बताया कि इस केन्द्र की पूर्व से काफी शिकायत मिल रही थी। विभागीय आदेश के आलोक में वे सुबह करीब 9.53 बजे केन्द्र पहुंची तो केन्द्र बंद मिला। करीब आधे घंटे बाद सेविका व उसके पति बाइक से केन्द्र पर पहुंचे। इस बीच सीडीपीओ स्थानीय लोगों से केन्द्र के संचालन व व्यवस्था के संबंध में पूछताछ कर जानकारी ले रही थी। सीडीपीओ ने आरोप लगाया कि मौके पर पहुंचते ही सेविका पति ने पहले उनके वाहन चालक से अभद्रता व गाली-गलौज की। बाद में सामने घर से आये लोगो की मदद से उनके साथ बदसलूकी की। गाली-गलौज, धक्का-मुक्की की। यहां तक कि गाड़ी का हवा भी निकाल दिया। इस क्रम में सात दिन के अंदर पूसा छुडवाने व आरोपो में फंसाने की धमकी दी गयी। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी पूसा थाना को दे दी गई है। सीडीपीओ ने बताया कि बीते 5 सितम्बर को भी पर्यवेक्षिका जांच करने गई थी। पर्यवेक्षिका ने बताया कि बीते दिन जांच के दौरान केन्द्र पर बच्चे नहीं थे। निरीक्षण पंजी नहीं दिया। वहां सहायिका व सेविका पति मौजूद थे। इधर सेविका के पति देवेन्द्र जी ने आरोपो को निराधार बताते हुए सीडीपीओ पर बदले की भावना से जांच करने, गाली देने और 11 हजार रुपये की मांग करने का आरोप लगाया।