तेजस्वी यादव के मिशन 60 का समस्तीपुर सदर अस्पताल में अमल की तैयारी, जल्द दिखेगा बदलाव..
समस्तीपुर। सदर अस्पताल में आने वाले दिनों में सबकुछ बदला-बदला दिखेगा। सदर अस्पताल की व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ ही मरीजों को 24 घंटा बेहतर सुविधा देने की कवायद तेज हो गई है। पिछले दिनों पटना में उप मुख्यमंत्री सह स्वास्थ्य मंत्री तेजस्वी यादव ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षात्मक बैठक की थी। इसमें 60 दिनों में बेहतर व्यवस्था को मिशन मोड में करने का आदेश दिया था। आने वाले दिनों में ओपीडी में जल्द ही सुबह आठ से बदले 9 बजे करने की संभावना है। चिकित्सकों के लेटलतीफी की वजह से समय में बदलाव करने की योजना बनाई जा रही है।
दो पाली में ही चलेगी ओपीडी
सदर अस्पताल में ओपीडी का संचालन दो पाली में ही किया जाएगा। सिर्फ पहली पाली में समय का बदलाव हो सकता है। पहली पाली में सुबह में 9 से दोपहर एक बजे तक चलेगा। जबकि दूसरी पाली में संध्या में पहले की तरह चार से छह बजे तक ही संचालित होगा। फिलहाल सदर अस्पताल में पहली पाली की ओपीडी सुबह आठ से 12 बजे तक का समय निर्धारित है।
मरीजों को हर हाल में देनी है बेहतर सुविधा
सदर अस्पताल में मरीजों को 24 घंटा आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से संबंधित सभी सेवाओं, एसएनसीयू, सर्जरी विभाग में आपरेशन की सुविधा देनी है। ओपीडी में सामान्य, दंत, मेडिसीन, गायनिक, सर्जरी, ऑर्थोपेडिक, शिशु का इलाज के लिए चिकित्सक को तैनात रखना है। इसके अलावा मरीजों की सहायता के पूछताछ केंद्र को भी व्यवस्थित करने, काउंसिलिंग, डायलिसिस सेवा की उपलब्धता, एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, सीटी-स्कैन, आरटी-पीसीआर लैब, पैथोलाजी, दवाओं की उपलब्धता रखनी है। इसके अलावा मानक के रूप में वेटिंग रूम, पीने का पानी एवं वाश रूम की व्यवस्था की जानी है। बताते चलें की सरकारी अस्पतालों में मरीजों की व्यवस्था के नाम पर सिर्फ खेल होता है, लेकिन शख्ती के बाद अब जल्द सबकुछ ठीक होने उम्मीद जताई जा रही।
9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।
