अच्छी खबर : विद्यार्थियों के लिए मुजफ्फरपुर जंक्शन पर बनेगा स्टडी सेंटर
मुजफ्फरपुर जंक्शन से गुजरने वाले विद्यार्थियों व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अब महत्वपूर्ण सुविधा मिलेगी। यहां विद्यार्थियों के लिए स्टडी सेंटर बनेगा। ट्रेनों से यात्रा के लिए जंक्शन पहुंचने वाले छात्र-छात्राएं प्रतीक्षा की घड़ी में स्टडी सेंटर में अध्ययन कर सकेंगे। स्टेशन पुर्नविकास योजना के तहत मुजफ्फरपुर जंक्शन पर स्टडी सेंटर बनाया जायेगा। उसमें अत्याधुनिक पुस्तकालय भी होगा। यहां पर साहित्यिक, सम-सामयिक पत्र-पत्रिकाएं, अन्य उपयोगी किताबें होंगी।
रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) ने स्टेशन पुर्नविकास योजना के तहत सिटी सेंटर के रूप में मुजफ्फरपुर जंक्शन को विकसित करने की योजना बनायी है। सभी वर्गों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर मुजफ्फरपुर जंक्शन को विश्वस्तरीय बनाया जायेगा। सोनपुर रेल मंडल के अधिकारियों ने बताया कि जंक्शन पर छात्र-छात्राओं के अलावा बुजुर्गों, दिव्यांगों, महिलाओं व व्यापारियों की भी जरूरतों का ख्याल रखा गया है। स्टडी सेंटर की अध्ययन सामग्री के लिए राजभाषा विभाग से मदद ली जायेगी। फिलहाल जंक्शन पर चल रहे पुस्कालय को प्रस्तावित स्टडी सेंटर में शिफ्ट किया जायेगा। यहां पर अध्ययन के लिए पाठकों को अनुकूल माहौल दिया जाएगा। जंक्शन पर होने वाली आपाधापी के विपरीत स्टडी सेंटर में यात्रियों व विद्यार्थियों को शांतिपूर्ण माहौल मिलेगा। यहां पर वाशरूम आदि की भी सुविधाएं होंगी। दो सौ सीट की क्षमता वाला यह सेंटर एसी सुविधा से लैस होगा।
प्रतियोगी परीक्षा के लिए आने वाले छात्रों को भी फायदा
स्टडी सेंटर बनने से प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने के लिए मुजफ्फरपुर पहुंचने वाले अभ्यार्थियों को सबसे अधिक फायदा होगा। वे जंक्शन पर समय गुजारने के बदले सेंटर में परीक्षा की तैयारी कर सकेंगे। प्राय: प्रत्येक रविवार को शहर में प्रतियोगी परीक्षाएं होती हैं। इसमें शामिल होने के लिए दूसरे जिलों से आने वाले अभ्यार्थी जंक्शन पर समय गुजारते हैं। तब उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
450 करोड़ के प्रोजेक्ट पर कार्य शुरू :
मुजफ्फरपुर जंक्शन पर विश्वस्तरीय सुविधाओं का 450 करोड़ रुपये से विकास किया जाना है। इसके लिए टेंडर के बाद निर्माण कार्य चल रहे हैं। मल्टी फंक्शनल कॉम्प्लेक्स के अलावा मल्टीस्टोरी पार्किंग समेत अन्य कई प्रकार की यात्री सुविधाओं का विकास होगा। जंक्शन पर 120 मीटर लंबा एयर कॉनकोर्स बनेगा। यह देश के सभी रेलवे स्टेशनों में सबसे लंबा एयर कॉनकॉर्स होगा।
बयान :
पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ वीरेंद्र कुमार ने बताया कि मुजफ्फरपुर जंक्शन पर यात्रियों को एयरपोर्ट की तरह लग्जरी सुविधाएं मिलेंगी। उत्तर के अलावा जंक्शन के दक्षिणी साइड को विकसित किया जायेगा। दो साल में निर्माण कार्य पूरे होंगे। यहां पर छात्र, व्यवसायी, नौकरी पेशा के साथ-साथ सभी वर्ग के यात्रियों की सुविधाओं का ख्याल रखा जाएगा।
स्टडी सेंटर की खास बातें:
– 200 सीटों वाला होगा प्रस्तावित स्टडी सेंटर
– 02 वर्षों में पूरा करना है जंक्शन का पुनर्विकास
– ट्रेन विलंब होने पर खाली समय में स्टडी सेंटर में अध्ययन कर सकेंगे छात्र
– स्टेशन पुनर्विकास योजना के तहत मुजफ्फरपुर जंक्शन पर बढ़ेंगी कई सुविधाएं
– वातानुकूलित स्टडी सेंटर में होगा अत्याधुनिक पुस्तकालय व वाशरूम की सुविधा
9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।
