ट्रेन में चोरी के आरोप में दो महिलाएं गिरफ्तार, आभूषण बरामद
पटना।बक्सर,ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों के सामान पर नजर रखने वाले कथित अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ बक्सर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की है। मंगलवार, 27 अक्टूबर की शाम स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर वेटिंग हॉल के पास संदिग्ध स्थिति में मिलीं दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। इसकी पुष्टि पोस्ट प्रभारी कुंदन कुमार ने की है।
तलाशी के दौरान उनके पास से चांदी की एक जोड़ी पायल और तीन जोड़ी बिछिया बरामद हुईं। बरामद आभूषणों की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।
रेलवे सुरक्षा बल के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे आरपीएफ और राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम प्लेटफॉर्म पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान वेटिंग हॉल के समीप दोनों महिलाएं संदिग्ध परिस्थिति में दिखाई दीं। नियमानुसार तलाशी लेने पर उनके पास कपड़े की एक पोटली मिली, जिसमें चांदी के आभूषण रखे हुए थे।
प्रारंभिक पूछताछ में दोनों महिलाओं ने कथित तौर पर कोलकाता से आ रही एक ट्रेन में यात्री के बैग से आभूषण चोरी करने की बात स्वीकार की। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के बांडेल निवासी लक्ष्मी पासी (48) और आसनसोल जिले के बराकर निवासी पूजा पासी (26) के रूप में हुई है।आरपीएफ की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार महिलाओं में से एक के पूर्व में भी हुगली पीपी से जुड़े मामलों में कई बार जेल जाने की बात सामने आई है। हालांकि, बरामद आभूषणों और कथित चोरी से जुड़े मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
