Samastipur: एसडीएम के आश्वासन पर अधिवक्ता का अनशन समाप्त
Samastipur, विभूतिपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित गांधी अंबेडकर प्रतिमा के समीप अपनी मांगों को लेकर आमरण अनशन पर बैठे अधिवक्ता रंजीत कुमार का अनशन 55 घंटे बाद बुधवार को समाप्त हो गया। एसडीएम पूजा कुमारी ने मामले में एसपी को पत्र भेजकर अवगत कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद उन्होंने अनशनकारी अधिवक्ता को जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया। विभूतिपुर थाना क्षेत्र के वार्ड 5 निवासी एवं व्यवहार न्यायालय रोसड़ा के अधिवक्ता रंजीत कुमार ने विभूतिपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा और अन्य पुलिस अधिकारियों पर रंजिश के कारण झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाया है।
उन्होंने इस संबंध में एसडीएम को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी। आवेदन में अधिवक्ता ने विभूतिपुर थाना के दो कांड को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि परिवाद पत्र दाखिल करने व न्यायालय के आदेश के बाद उनके विरुद्ध रंजिश के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। उन्होंने दोनों मामलों में अपने पक्ष के साक्ष्य की अनदेखी कर गलत पर्यवेक्षण किए जाने का भी आरोप लगाया है। अधिवक्ता ने विभूतिपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा और उनके परिवार व संबंधियों की संपत्ति की जांच प्रवर्तन निदेशालय से कराने, दोनों मुकदमों की जांच अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) से कराने समेत कई मांग रखी गई है।