दलसिंहसराय:सड़क हादसे में इंटर के छात्र की मौत,मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम
दलसिंहसराय,थाना क्षेत्र के मोख्तियारपुर सलखन्नी में बुधवार को सड़क हादसे में इंटर के छात्र की मौत हो गई.घटना एसएच-88 पर वार्ड संख्या दो स्थित कुशवाहा चौक के पास हुई.मृतक की पहचान मोख्तियारपुर सलखन्नी निवासी राजेश महतो के पुत्र संतोष कुमार (18) के रूप में हुई है.हादसे के बाद स्वजन और स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया.जानकारी के अनुसार, संतोष कुमार सड़क पार कर रहा था.इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें ठोकर मार दी.
हादसे में उनकी मौत घटना स्थल पर ही हो गई.मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई.युवक की मौत की खबर से परिवार में मातम पसर गया.आक्रोशित लोगों ने मृतक के स्वजन को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर एसएच-88 पर सड़क जाम कर दिया.इसके कारण करीब तीन घंटे तक वाहनों का आवागमन प्रभावित रहा.जाम के चलते राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
प्रदर्शन कर रहे लोग पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध व सड़क पर ब्रेकर बनाने की मांग कर रहे थे. जाम की सूचना पर बीडीओ राजीव कुमार और थानाध्यक्ष मो. इरशाद आलम मौके पर पहुंचे.अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया.इसके बाद मृतक के स्वजन को 20 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई.सहायता मिलने के बाद करीब तीन घंटे से जारी सड़क जाम समाप्त हुआ और वाहनों का परिचालन बहाल हो गया.थानाध्यक्ष मो. इरशाद आलम ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.आवेदन मिलने पर आगे कि करवाई की जाएगी.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
