बेगूसराय:पुल के पास थार और बाइक की सीधी टक्कर, मेला देखकर लौट रहे पिता-पुत्र समेत 3 की दर्दनाक मौत
बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-333बी पर स्थित टोल प्लाजा और मुंगेर पुल के बीच शालीग्रामी अंडरपास के ऊपर मंगलवार दोपहर करीब 2:00 बजे एक अत्यंत दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया. तेज रफ्तार महिंद्रा थार और एक बाइक के बीच हुई भीषण आमने-सामने की टक्कर में पिता-पुत्र सहित एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर व इलाज के दौरान मौत हो गई. तीनों मुंगेर से दुर्गा पूजा का मेला देखकर घर लौट रहे थे.
मुंगेर से मां दुर्गा का दर्शन कर लौट रहा था परिवार
हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों की शिनाख्त रघुनाथपुर बरारी पंचायत अंतर्गत हिरटोल वार्ड संख्या-7 निवासी स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद यादव के 43 वर्षीय पुत्र संतोष यादव उर्फ सत्तन, उनके 7 वर्षीय पुत्र आयुष कुमार तथा डंडारी थाना क्षेत्र के डंडारी निवासी गंगा राम यादव की 49 वर्षीय पत्नी (संतोष यादव की सरहज) सुलेखा देवी के रूप में की गई है. परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, संतोष यादव अपने बेटे आयुष और रिश्ते में सरहज लगने वाली सुलेखा देवी को बाइक पर लेकर मां दुर्गा का दर्शन करने मुंगेर गए हुए थे. दोपहर बाद करीब दो बजे जब तीनों एक ही बाइक से वापस घर लौट रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार गाड़ी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.
10 मीटर तक घिसटती गई बाइक, एस्बेस्टस की छत पर गिरी महिला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मुंगेर पुल के शालीग्रामी अंडरपास के पास खगड़िया की ओर से बेहद तेज रफ्तार में आ रही महिंद्रा थार और सामने से आ रही बाइक के बीच सीधी और जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक पूरी तरह से थार के नीचे जा घुसी और वाहन के साथ करीब दस मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई. बाइक के परखच्चे उड़ गए और जोरदार झटके के कारण बाइक पर पीछे बैठी सुलेखा देवी हवा में उछलकर सड़क किनारे स्थित एक दुकान की एस्बेस्टस वाली छत पर जा गिरीं.
दो की मौके पर गई जान, अस्पताल में बच्चे ने तोड़ा दम
इस भीषण दुर्घटना में बाइक चालक संतोष यादव और सुलेखा देवी की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वहीं सात वर्षीय मासूम आयुष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में आयुष को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया. घटना के तुरंत बाद घटनास्थल पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई.
पुलिस ने वाहन जब्त किए, परिजनों में मचा कोहराम
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने तत्काल शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा. इसके साथ ही क्षतिग्रस्त बाइक और दुर्घटनाग्रस्त थार गाड़ी को जब्त कर लिया गया है. एक ही परिवार के पिता, मासूम पुत्र और महिला की एक साथ मौत की खबर मिलते ही गांव और परिजनों में कोहराम मच गया है तथा पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
