घूस लेते GST के असिस्टेंट कमिश्नर-डाटा ऑपरेटर अरेस्ट:खिड़की से फेंकी नोटों की गड्डी
बेगूसराय के सेल टैक्स ऑफिस में निगरानी विभाग की टीम ने असिस्टेंट कमिश्नर और डाटा एंट्री ऑपरेटर को 25 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार असिस्टेंट कमिश्नर प्रकाश चंद्र मोहन और डाटा एंट्री ऑपरेटर संतोष कुमार झा है।बताया जा रहा है कि विजिलेंस की टीम को देखते ही असिस्टेंट कमिश्नर ने नोटों की गड्डी खिड़की से बाहर फेंक दिया। फिलहाल निगरानी विभाग की टीम दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर सर्किट हाउस पहुंची, जहां उनसे पूछताछ की गई।
खुद को बचाने के लिए खिड़की से फेंकी नोटों की गड्डी
निगरानी विभाग की टीम ने बेगूसराय के सेल टैक्स ऑफिस में रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्रवाई की। टीम ने असिस्टेंट कमिश्नर और डाटा एंट्री ऑपरेटर को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।बताया जा रहा है कि विश्वनाथ नगर के कृष्णा मार्केट स्थित रोजी गारमेंट्स के मालिक ज्योति कुमार से 25 हजार रुपये रिश्वत ली जा रही थी। ज्योति कुमार ने 500-500 रुपये के नोटों की गड्डी असिस्टेंट कमिश्नर को दी।इसी दौरान निगरानी विभाग की टीम ने कार्यालय में दबिश दी। टीम को सामने देखते ही आरोपियों में हड़कंप मच गया। खुद को बचाने की कोशिश में डाटा एंट्री ऑपरेटर ने रिश्वत की रकम खिड़की से बाहर फेंक दी।हालांकि, निगरानी टीम ने नोटों की गड्डी को खिड़की से बाहर गिरते देख लिया और तुरंत उसे बरामद कर जब्त कर लिया। इसके बाद टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
3.84 लाख रुपए के एडजस्टमेंट के बदले मांगे 50 थे हजार रुपए
ज्योति कुमार अपनी कपड़े की दुकान का हर महीने नियमानुसार GST जमा कर रहे थे। इसके बावजूद सहायक कर आयुक्त प्रकाश चंद्र मोहन के हस्ताक्षर से उन्हें एक नोटिस भेजा गया, जिसमें 3 लाख 84 हजार रुपये का GST बकाया दिखाया गया था।नोटिस के संबंध में ज्योति कुमार ने सहायक कर आयुक्त से मुलाकात की। इस दौरान उन्हें मामले के निपटारे के लिए डाटा एंट्री ऑपरेटर संतोष कुमार झा से मिलने को कहा गया। इसके बाद ज्योति कुमार ने संतोष कुमार झा से मुलाकात की।आरोप है कि संतोष कुमार झा ने 3 लाख 84 हजार रुपये के बकाया GST के एडजस्टमेंट और नोटिस को रफा-दफा करने के बदले 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। बाद में दोनों के बीच 25 हजार रुपये में सौदा तय हुआ।इसके बाद ज्योति कुमार ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के कार्यालय पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।
24 सितंबर को कारोबारी ने विजिलेंस के पटना ऑफिस में की थी शिकायत
व्यवसायी ज्योति कुमार ने 24 सितंबर को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के पटना कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद निगरानी की टीम ने मामले का सत्यापन किया।इसके बाद 5 अक्टूबर को निगरानी थाने में सहायक कर आयुक्त प्रकाश चंद्र मोहन और डाटा ऑपरेटर संतोष कुमार झा के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया गया।निगरानी अन्वेषण ब्यूरो पटना के पुलिस उपाधीक्षक (DSP) सतीश चंद्र माधव ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया।मंगलवार को योजनाबद्ध तरीके से परिवादी को रिश्वत के 25 हजार रुपए लेकर भेजा गया। जैसे ही सहायक कर आयुक्त के निर्देश पर डाटा एंट्री ऑपरेटर ने रिश्वत की राशि ली, वैसे ही टीम ने उन्हें रंगेहाथ गिरफ्तार किया।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
